सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पिता की हत्या के मामले में पुलिस ने सोमवार को नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त सिल का बट्टा, चाकू और रक्तरंजित कपड़े बरामद किए हैं। रविवार दोपहर काशीराम कॉलोनी स्थित टीबी अस्पताल के कमरे में श्यामसुंदर कठेरिया का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। उनकी बेटी पूजा लापता थी।
मृतक की बेटी काजल की तहरीर पर सिविल लाइन थाने में हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया एसओजी, सर्विलांस और सिविल लाइन पुलिस की टीम ने सोमवार को ग्राम सराय एसर के चकरोड के पास से नाबालिग बेटी और उसके प्रेमी अभिलाष सिंह उर्फ छोटू उर्फ माचो निवासी मातनटोला अहेरीपुर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दोनों के प्रेम संबंध का पिता विरोध करते थे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि दोनों ने साजिश रचकर चाय में नींद की गोली देकर श्यामसुंदर को सुला दिया। इसके बाद उन्हें चारपाई से बांधकर सिलबट्टे से हमला कर हत्या कर दी। शव को कंबल में लपेटकर बक्से में छिपा दिया और पिता का मोबाइल नाले में फेंक दिया। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।