उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र में स्थित ढाबे में खाना परोसने में देर होने पर दरोगा ने कर्मियों को पीट दिया। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने पर एसपी ने सीओ को जांच के निर्देश दिए हैं।
बांगरमऊ कोतवाली में तैनात दरोगा एक सिपाही के साथ शुक्रवार को उन्नाव आए थे। देर शाम दोनों हाईवे पर शिवसिंह खेड़ा स्थित एक ढाबे पर खाना खाने पहुंचे। भीड़ होने से सीटें खाली न मिलने पर दरोगा व ढाबा कर्मियों में विवाद हो गया। दरोगा ने कर्मियों को पीट दिया। वहां मौजूद लोगों ने बीचबचाव किया। मारपीट की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो एसपी ने सीओ को जांच के निर्देश दिए हैं। कोतवाल ओपी राय ने बताया कि खाना देर से परोसने को लेकर कहासुनी हुई थी। उन्होंने मारपीट की बात से इनकार किया।