एचबीटीआई के सांस्कृतिक, खेलकूद और साहित्यिक महोत्सव ओडिसी के अंतिम दिन रविवार को फैशन शो का रंग जमा। अखिल की अगुवाई वाली टीम रैंप पर उतरी और कैटवॉक करके पठानकोट एयरबेस पर हमले की प्रस्तुति दी।
सेना की देश सेवा और समर्पण का संदेश दिया। इंस्पायर्ड फ्राम मिलिट्री थीम के फैशन शो पर खूब वाहवाही मिली। पुराने लुक, ट्रेंड, भूत और देशी फ्यूजन का फैशन शो भी पेश किया गया। ओडिसी में रविवार को डांस, ड्रामा का रंग जमा। लखनऊ से आई 11 सदस्यीय टीम ने ‘हसीना मान जाएगी’ नाटक खेला और सबको खूब हंसाया।
देर शाम गीत, संगीत की महफिल जमी। फिल्मी गीत... बन्नो तेरा स्वैगर और ... साड़ी के फॉल सा सरीखे गीतों पर खूब मस्ती हुई। इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट स्टूडेंट झूमकर नाचे। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
छात्र क्रियाकलाप के चेयरमैन प्रो. एसयू सिद्दीकी, सचिव डॉ. विनोद यादव और डॉ. जीएल देवनानी की मौजूदगी में एक के बाद एक जबरदस्त परफारमेंस हुई। कानपुर यूनिवर्सिटी के शिक्षक डॉ. संजय स्वर्ण कार निर्णायक की भूमिका में रहे। देररात विजेताओं को प्रो. अशोक कुमार और रजिस्ट्रार नरेश कुमार ने सम्मानित भी किया।
ओडिसी में बवाल, स्टूडेंट की धुनाई
कानपुर। एचबीटीआई के सांस्कृतिक, साहित्यिक और खेलकूद महोत्सव ‘ओडिसी 2016’ के आखिरी दिन रविवार को बवाल हुआ। सपा प्रतिनिधि की स्टिकर लगी बाइक से पहुंचे बीटेक सेकेंड ईयर लेदर टेक्नोलॉजी के स्टूडेंट प्रवीण कुमार द्विवेदी ने एमसीए फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट बलवंत सिंह को बुरी तरह से पीटा।
इससे हंगामा खड़ा हो गया। बीटेक और एमसीए स्टूडेंट आमने-सामने आ गए। गाली गलौज और मारपीट होने लगी। इसकी सूचना पाकर तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा कर्मचारियों की मदद से बवाली स्टूडेंटों को खदेड़ा। चीफ प्रॉक्टर डॉ. एसके गुप्ता ने पूरे मामले में जांच के आदेश दिए हैं। अनुशासनात्मक कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया है।
ओडिसी में रविवार को रंगारंग कार्यक्रम हुआ। रात नौ बजे के आसपास दर्शक दीर्घा से गालीगलौज की आवाज आने लगी। यह सुन फेस्टिवल चेयरमैन प्रो. एसयू सिद्दीकी, सचिव डॉ. विनोद गुप्ता और कनवीनर डॉ. जीएल देवनानी मौके पर पहुंचे।
तब पता चला कि बीटेक सेकेंड ईयर लेदर टेक्नोलॉजी का स्टूडेंट प्रवीण कुमार द्विवेदी एमसीए स्टूडेंट की पिटाई कर रहा है। इसकी भनक लगते ही एमसीए स्टूडेंट एकत्रित हो गए और हाथापाई करने लगे। मारपीट भी हुई। इसके बाद आयोजन सचिव ने पूरा मामला संभाला और मारपीट कर रहे बीटेक स्टूडेंट को पकड़कर कार्यक्रम स्थल से बाहर ले गए।
मारपीट करने वाला बीटेक स्टूडेंट किसी शिक्षक को नहीं पहचान रहा था। सुरक्षा कर्मचारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि वह शराब के नशे में धुत था। इसीलिए सुरक्षा प्रभारी डॉ. विनय प्रताप सिंह सहित तमाम शिक्षकों के सामने बाइक पर बैठकर बात कर रहा था। इस पर सुरक्षा प्रभारी ने हड़काया भी लेकिन स्टूडेंट पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
वह एमसीए स्टूडेेंट को देख लेने की धमकी देता रहा। इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। दहशतजदा तमाम छात्र-छात्राएं कार्यक्रम स्थल से भाग खड़े हुए। उनका कहना था कि बीटेक और एमसीए स्टूडेंटों में टकराव की आशंका है। इसी का नतीजा रहा कि पूरे मामले की सूचना नवाबगंज पुलिस को भी दी गई।
साथ ही होमगार्ड के प्रभारी सहित तमाम सुरक्षा कर्मचारियोें को कार्यक्रम स्थल बुला लिया गया। लाठी पटककर बवाली स्टूडेंटों को तितर-बितर किया गया।