कस्टम विभाग लखनऊ की टीम ने सोमवार को ब्रह्मपुत्र मेल के जरिए कानपुर लाई जा रही तस्करी की 100 बोरा सुपारी कानपुर सेंट्रल से पकड़ी। ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचते ही कस्टम की टीम ने एसएलआर बोगी को खुलवाने के लिए रेलवे अधिकारियों से कहा।
रेलवे अधिकारियों की ओर से इंकार करने पर नोकझोंक भी हुई। चूंकि सुपारी को कानपुर स्टेशन पर ही उतरना था, इसलिए जैसे ही रेलवे अधिकारियों ने सुपारी को बोगी से उतारा, कस्टम की टीम ने इसे जब्त कर लिया।
कानपुर के पान मसाला फैक्ट्रियों का गढ़ होने के कारण हालिया दिनों में म्यांमार और बांग्लादेश के रास्ते कानपुर आ रही सुपारी की बड़ी खेपें पकड़ी जा चुकी हैं। अधिकारियों के मुताबिक तस्करी के जरिए आने वाले माल का कोई मालिक सामने नहीं आता। स्टेशन पर उतरने के बाद जब मामला शांत होता है तो तस्कर इन्हें स्टेशन से बुकिंग रसीद के आधार पर ले जाते हैं। जब्त की गई सुपारी को मंगाने वालों की पड़ताल की जा रही है।
एसजीएसटी ने पकड़ी 30 लाख की टैक्स चोरी
राज्य वस्तु एवं सेवाकर विभाग (स्टेट जीएसटी) की टीम ने सोमवार को कानपुर के नयागंज में सुपारी और पान मसाला का कारोबार करने वाली इम्पैक्ट ट्रेडिंग फर्म पर छापा मारा। वहां से करीब 30 लाख रुपये की टैक्स चोरी पकड़ी है। विभाग की ओर से दस्तावेजों को जब्त कर पड़ताल की जा रही है। जांच के दौरान टीम को पता चला की कच्चे बिलों के जरिए कारोबार हो रहा था। माल की खरीदारी के बावजूद ई-वे बिल जनरेट नहीं हो रहे थे।