कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) प्रशासन एलएलबी छात्रों की समस्या को जल्द दूर करेगा। इसके लिए विशेष कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी पूरे मामले न्यायसंगत और पारदर्शी तरीके से समाधान निकालेगी। विधि छात्रों से भी सुझाव मांगे गए हैं। उनके लिए ईमेल जारी की गई है। एलएलबी के काफी संख्या में छात्र-छात्राएं अलग अलग विषयों में पास हैं, लेकिन ओवरऑल में फेल हैं। उन्हें पांचवें सेमेस्टर में दाखिला नहीं मिल रहा है।
छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय से संबद्ध विधि संकाय के छात्र-छात्राएं पिछले कई दिन से विभिन्न समस्याओं को लेकर परेशान है। अधिकतर छात्र-छात्राएं अलग अलग विषयों में पास हैं, लेकिन ओवरऑल में फेल हैं। अलग अलग 36 फीसदी अंक पास होने के लिए ओवरऑल 48 फीसदी अंक चाहिए। फेल होने के कारण छात्रों की बैक आई और उनको पांचवें सेमेस्टर में प्रवेश नहीं दिया गया। ऐसे कई छात्र हैं, जिनके एक या दो अंक से बैक आई है।
इस समस्या पर कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने ऑनलाइन प्रधानाचार्यों की बैठक बुलाई और चर्चा की। प्रो. पाठक ने कहा कि परीक्षा नियंत्रक और विधि विशेषज्ञों द्वारा अध्यादेश के विभिन्न प्रावधानों की गहन समीक्षा की जा रही है, जिससे छात्रों में भ्रम की स्थिति को समाप्त कर सभी प्रभावित छात्रों को राहत प्रदान की जा सके। सीडीसी निदेशक प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी, प्रो.विवेक द्विवेदी, प्रो.राजीव शुक्ला, प्रो.नीरू टण्डन, परीक्षा नियंत्रक, राकेश कुमार उप-कुलसचिव (परीक्षा) अंजली मौर्या, डॉ.राहुल तिवारी, डॉ.विनय कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे।
विधि छात्र ईमेल पर भेज सकते सुझाव
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार ने बताया कि संस्थान छात्रों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और जल्द ही कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर छात्रों के पक्ष में एक सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। अटल बिहारी बाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज के सह आचार्य डॉ. शशिकांत त्रिपाठी छात्रों से बात करके उनके सुझावों को भी कमेटी में रखेंगे। विधि छात्र अपने सुझाव इस coeofficecsjmu.ac.in ईमेल के द्वारा भी भेज सकते हैं।
कमेटी में शामिल सदस्य
सीडीसी निदेशक प्रो. आरके द्विवेदी, विधि संकाय के अधिष्ठाता प्रो. पीएन त्रिवेदी, प्रो. आरके पाण्डेय, प्रो. राजीव शुक्ला, डॉ. ओमेंद्र सिंह, डॉ. शशिकांत त्रिपाठी हैं। कमेटी छात्रों की परेशानियों को भी सुनेगी।