कानपुर। ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री (अपार) आईडी बनाने में छत्रपति शाहूजी महाराज विवि पूरे देश में चौथे और प्रदेश में अव्वल है। पहले तीन स्थानों पर कर्नाटक के तीन संस्थान हैं, जिसमें कर्नाटक स्कूल एग्जामिनेशन एंड असेसमेंट बोर्ड, डिपार्टमेंट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन और कर्नाटक स्टेट बोर्ड क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर है। प्रदेश में दूसरे स्थान पर बरेली की महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड यूनिवर्सिटी है। सीएसजेएमयू में 4,98,065 अपार आईडी बनाने के साथ छात्रों के 78,47,835 रिकार्ड अपलोड किए गए हैं।
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के आदेशानुसार छात्रों की अपार आईडी जनरेट कर डिजीलॉकर में रिकॉर्ड अपलोड करने का निर्देश दिया है। अपार आईडी में छात्रों का ब्योरा, मार्कशीट, डिग्री, स्कॉलरशिप सहित अन्य सूचना अपडेट करनी पड़ती है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सभी राज्य विवि को अनिवार्य रूप से रिकॉर्ड अपलोड करने का सख्त निर्देश दिया है। सीएसजेएमयू टॉप पर हैं, जबकि एचबीटीयू को प्रदेश में 36वां स्थान मिला है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को 66वां स्थान और उप्र वस्त्र प्रौद्योगिकी संस्थान (यूपीटीटीआई) को 70वां स्थान मिला है।