कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय में बुधवार को पारंपरिक खेल-2026 का आयोजन किया गया, जिसमें कई कॉलेजों के करीब 400 खिलाड़ी शामिल हुए। खो-खो और कबड्डी में शानदार प्रदर्शन कर सीएसजेएमयू की टीम चैंपियन बनी। यह आयोजन दीक्षांत समारोह के उपलक्ष्य में हुआ।
कबड्डी प्रतियोगिता में एसजे रामाईपुर कॉलेज ने एलन हाउस बिजनेस स्कूल को 41-31 से हराया। एशियन कॉलेज ने एलन हाउस को 30-16 से पराजित किया, जबकि सीएसजेएमयू ने केआईटी को 42-15 के बड़े अंतर से शिकस्त दी। सेमीफाइनल में एसजे रमईपुर कॉलेज ने एशियन कॉलेज को 26-25 के रोमांचक मुकाबले में हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल में सीएसजेएमयू ने एसजे कॉलेज रमईपुर को 32-12 से हराकर कबड्डी का खिताब अपने नाम किया।
खो-खो प्रतियोगिता के फाइनल में सीएसजेएमयू ने कानपुर देहात की टीम को आसानी से हराकर खिताब जीता। इससे पूर्व हुए पहले सेमीफाइनल में सीएसजेएमयू ने एसपीएस कॉलेज जसवंतनगर, इटावा की टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में कानपुर देहात की टीम ने ब्लैक पैंथर खो-खो क्लब को 15 अंक व एक इनिंग से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार यादव, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी डॉ. निमिषा सिंह कुशवाहा, प्रभाकर पाण्डेय, अभिषेक मिश्रा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।