कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज (एबीएसएलएस) में इस शैक्षणिक सत्र से एक वर्षीय एलएलएम (मास्टर ऑफ लॉ) पाठ्यक्रम की शुरुआत की जा रही है।
दाखिले के आवेदन शुरू हो गए हैं। इस कोर्स में कुल 120 सीटों पर मेरिट के आधार प्रवेश होगा। कोर्स की फीस एक लाख 45 हजार होगी। इस कोर्स में दाखिले के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से विधि स्नातक की डिग्री होना अनिवार्य है।
विभाग के निदेशक डॉ. पंकज द्विवेदी ने बताया कि यह पाठ्यक्रम समकालीन कानूनी शिक्षा की मांगों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इस एक वर्षीय पाठ्यक्रम में प्रमुख स्पेशलाइजेशन कॉर्पोरेट लॉ, क्रिमिनल लॉ, इंटरनेशनल लॉ और कांस्टीट्यूशनल लॉ की जानकारी दी जाएगी। यह पाठ्यक्रम शोध-आधारित अध्ययन को बढ़ावा देगा तथा विद्यार्थियों को न्यायिक सेवाओं, अकादमिक क्षेत्र एवं शोध संस्थानों में भविष्य निर्माण का अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि पाठ्यक्रम की रूपरेखा इस प्रकार तैयार की गई है कि इससे न केवल छात्रों का अकादमिक विकास होगा, बल्कि वह व्यावसायिक दृष्टि से भी प्रतिस्पर्धी बनेंगे। विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है।
प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। विधि स्नातक की डिग्री में प्राप्त अंकों के आधार पर छात्रों का चयन किया जाएगा। शहर में इस प्रकार के उच्चस्तरीय और व्यावसायिक विधि शिक्षा पाठ्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के विधि विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज में एलएलबी (तीन वर्षीय पाठ्यक्रम), बीए एलएलबी (पांच वर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रम), बीबीए एलएलबी (पांच वर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रम) एलएलएम (दो वर्षीय पाठ्यक्रम) तथा विधि में पीएचडी कोर्स पहले से संचालित हो रहे हैं।