कानपुर। पत्रकारिता की बारीकियों को विदेशी मीडिया से सिखाने के उद्देश्य से छत्रपति शाहूजी महाराज विवि ने लंदन स्थित मीडिया ग्रुप द हिंदू टुडे के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
ऑनलाइन माध्यम से अपने संबोधन में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि यह बेहतरीन अवसर है, जब हम अपनी बातों को अंतरराष्ट्रीय फलक पर मजबूती से रख पाएंगे। उन्होंने कहा कि द हिंदू टुडे के साथ जुड़कर सीएसजेएमयू को अपनी प्रतिभा दिखाने और रोजगार के लिए और अधिक अवसर हासिल होंगे।
कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव और द हिंदू टुडे मीडिया समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप शर्मा ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। मौके पर डॉ. प्रभात द्विवेदी, डॉ. राजीव मिश्रा, डॉ. विशाल शर्मा, डॉ. दिवाकर अवस्थी, डॉ. ओम शंकर गुप्ता, डॉ. जितेंद्र डबराल, डॉ. रश्मि गौतम, प्रेम किशोर शुक्ला और सागर कनौजिया शामिल रहे।