कानपुर। छात्रों को प्रशिक्षण और प्लेसमेंट गतिविधियों की जानकारी देने के लिए छत्रपति शाहूजी महाराज विवि के प्लेसमेंट सेल और नौकरी कैंपस के बीच एमओयू साइन हुआ है। इसके तहत विवि कैंपस के सभी छात्र एवं छात्राओं को साल में दो से तीन बार नौकरी कैंपस एप्टीट्यूड टेस्ट व सभी प्रकार की ट्रेनिंग, पर्सनालिटी डेवलपमेंट, एप्टीट्यूड रीजनिंग टेस्ट व टेक्निकल ट्रेनिंग का मौका मिलेगा।
टेस्ट में छात्रों का परिणाम उनकी मेल आईडी व ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के लॉग इन आईडी पर प्राप्त होगा, जिससे सभी अपनी क्षमता एवं कमियों का आकलन कर सकेंगे। नौकरी कैंपस इन्फो एज इंडिया लिमिटेड कंपनी का लगभग 50,000 से भी अधिक कंपनियों से गठबंधन है, जिससे छात्र-छात्राओं को साक्षात्कार एवं चयन का मौका भी प्राप्त होता है।
नौकरी कैंपस इन्फो एज इंडिया लिमिटेड कंपनी के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट हितेश डारगन, कैंपस एलायंस मैनेजर ऋषभ शुक्ला एवं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, डीन एकेडमिक्स डॉ. बृष्टि मित्रा, निदेशक प्लेसमेंट सेल डॉ. प्रवीण भाई पटेल, सह निदेशक प्लेसमेंट सेल डॉ. विशाल अवस्थी, सह निदेशक प्लेसमेंट सेल डॉ. प्रशांत त्रिवेदी और ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी सौरभ गुप्ता ने समझौते पर सहमति जताई।