कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अवसर बढ़ने की उम्मीद है। विवि और आयरलैंड इंडिया काउंसिल (आईआईसी) के बीच शुक्रवार को हुई ऑनलाइन बैठक में संयुक्त शोध, विद्यार्थी-शिक्षक एक्सचेंज, संयुक्त व दोहरी डिग्री पाठ्यक्रम और स्टार्टअप-उद्यमिता के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
दोनों पक्षों ने मौजूदा एमओयू को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आगे की संभावनाओं पर विचार किया। विद्यार्थियों के लिए एक्सचेंज कार्यक्रम को भी अहम माना गया। इसके माध्यम से उन्हें आयरलैंड के शैक्षणिक संस्थानों के साथ अध्ययन और शोध का अंतरराष्ट्रीय अनुभव मिल सकता है। बैठक में प्रो. शिल्पा डी. कायस्था, प्रो. विशाल अवस्थी, डॉ. आरवी श्रीहर्षा, डॉ. नेहा तिवारी, डॉ. प्रशांत त्रिवेदी और डॉ. राहुल प्रताप सिंह शामिल हुए। ब्यूरो