छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर की वार्षिक परीक्षाओं में शनिवार को कुल 12550 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा नहीं दी। इनमें बीए प्रथम वर्ष के 7238, बीए द्वितीय वर्ष के 2634, बीए तृतीय वर्ष के 2116 ने परीक्षा छोड़ी। इसी तरह एमए प्रथम में 218, एमए द्वितीय में चार, एमएससी प्रथम वर्ष में 176 और द्वितीय में 164 ने परीक्षा छोड़ी। दो छात्र नकल करते हुए भी पकड़ गए।
पहली बार रविवार को भी वार्षिक परीक्षा होगी। हालांकि इसके लिए शिक्षक विरोध जता चुके हैं। कूटा के महामंत्री डॉ. विवेक द्विवेदी ने बताया कि पहले विश्वविद्यालय प्रशासन ने लगातार पांच रविवार को परीक्षा कराने का फैसला लिया था। विरोध के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को अपने फैसले वापस लेने पड़े हैं और अब शुरुआत के केवल तीन रविवार को ही परीक्षा होगी। शेष दो रविवार शिक्षकों को छुट्टी मिलेगी।
सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम जारी
सीएसजेएमयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अनिल यादव ने शनिवार को कई कोर्स के सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम जारी कर दिए। इसमें बीफार्मा प्रथम, पंचम और सप्तम सेमेस्टर, एमजेएमसी तृतीय सेमेस्टर, एमएससी बायोटेक्नोलॉजी तृतीय सेमेस्टर, एमबीए फुल टाइम प्रथम व तृतीय सेमेस्टर, एमबीए पार्ट टाइम पंचम सेमेस्टर, एमबीए बिजनेस इकोनॉमिक्स प्रथम व तृतीय सेमेस्टर, एमबीए फाइनेंस कंट्रोल प्रथम सेमेस्टर, एमबीए टूरिज्म मैनेजमेंट प्रथम व तृतीय सेमेस्टर और बीडीएस प्रथम, द्वितीय व तृतीय सेमेस्टर के परिणाम शामिल हैं। छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.kanpuruniversity.org पर इसे देख सकते हैं।