कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि किसानों को बैटरी वाले ट्रैक्टर, ग्रास कटर, थ्रेशर,सोलर पंप आदि का इस्तेमाल सिखाएगा। इससे श्रमिकों की कमी होने से खेती-किसानी के काम में दिक्कत नहीं आएगी। खासतौर पर एक से तीन एकड़ वाले छोटे किसानों को इससे राहत मिलेगी। सीएसए में लगे मेले में किसानों ने इन यंत्रों को पसंद किया है। यंत्रों की खरीद में किसानों को सब्सिडी भी मिल रही है।
सीएसए के निदेशक प्रसार डॉ. वीके त्रिपाठी ने बताया कि खरपतवार हटाने, गुड़ाई, बोआई आदि कार्यों के लिए किसानों को श्रमिक लगाने की जरूरत नहीं रहेगी। बैटरी और सौर ऊर्जा से चलने वाले यंत्र सस्ते पड़ेंगे। केवीके के माध्यम से किसानों को इनके इस्तेमाल का तरीका बताया जाएगा। कृषि यंत्रों को लेकर सीएसए का विकल्प स्टार्टअप के साथ करार हुआ है।