महोबा जिले के कबरई में प्रतिष्ठित क्रशर कारोबारी व विस्फोटक डीलर इंद्रकांत त्रिपाठी की रविवार की शाम को रीजेंसी कानपुर में मौत की खबर आते ही कबरई कस्बा छावनी में तब्दील हो गया। कस्बे के मुख्य चौराहों के अलावा गली-कूचों में जगह-जगह पीएसी और पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
साथ ही जिले के दो पुलिस की गाड़ियां रीजेंसी कानपुर भेज दी गई हैं। कस्बा कबरई के मोहल्ला जवाहर नगर निवासी क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी ने आठ सितंबर को पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार पर हत्या कराने का आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल किया था।
वीडियो वायरल होने के चंद घंटे बाद ही दोपहर में बांदा से ऑडी कार से लौटते समय थाना कबरई के ग्राम नहदौरा के पास अज्ञात लोगो के द्वारा गोली मार दी गई थी। छह दिन तक रीजेंसी में उपचार कराने के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई।
क्रशर कारोबारी की मौत की खबर मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। हालत यह है कि समूचे कबरई कस्बे में बड़े पैमाने पर जगह-जगह पुलिस और पीएसी लगा दी गई है। जिससे कस्बे में शांति बनी रहे। मृतक के मोहल्ला जवाहर नगर में भी पीएसी लगा दी गई है।
अब पुलिस अधीक्षक भी जा सकते हैं जेल
तत्कालीन पुलिस अधीक्षक मणिलाल पाटीदार पर हत्या का आरोप लगाने वाले क्रशर कारोबारी इंद्रकांत त्रिपाठी की रविवार को मौत होने के बाद अब पुलिस अधीक्षक भी सलाखों के पीछे जा सकते हैं। क्रशर कारोबारी की मौत के बाद नामजद दरोगाओं के भी पसीने छूट रहे हैं। अब तत्कालीन एसपी से लेकर थानाध्यक्षों तक का करियर दांव पर लग गया है।