सीआरपीएफ में तैनात दरोगा ने दहेज में लग्जरी कार नहीं मिलने पर शादी तोड़ दी। कल्याणपुर के मसवानपुर निवासी लड़की पक्ष का आरोप है कि वरीक्षा होने और सात लाख रुपये नगद लेने के बाद भी लड़का पक्ष अपनी बात से पलट गया है।
लड़की की मां ने बुधवार को आईजी आशुतोष पांडेय से मिलकर शिकायत की। मसवानपुर निवासी राम गोपाल और उनकी पत्नी पद्मा देवी ने एमबीए पास बेटी की शादी पुराना शिवली रोड निवासी रामप्रकाश के बेटे रिंकू उर्फ विजय से तय की थी। रिंकू सीआरपीएफ में दरोगा है। पद्मा देवी ने बताया कि 11 लाख रुपये दहेज तय हुआ था।
20 अक्तूबर को वरीक्षा भी हो गई। लड़का पक्ष वरीक्षा और मकान के नाम सात लाख रुपये ले चुके थे। 16 जनवरी 2016 को तिलक और 31 दिसंबर को शादी है।
लड़की पक्ष ने कार्ड छपवाने से लेकर गेस्टहाउस बुकिंग और सारा इंतजाम पूरा कर लिया। अब अचानक लड़के ने लग्जरी कार की मांग कर दी। लड़की वालों ने असमर्थता जताई तो लड़के ने शादी से इनकार कर दिया। कई बार पंचायत हुई लेकिन हल नहीं निकला तो मामला पुलिस के पास पहुंचा। आईजी ने मामले की जांच कल्याणपुर इंस्पेक्टर को दी है।