कानपुर। विशेष प्रगाढ़ मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के मतदाताओं की समस्याओं को दूर करने के लिए शनिवार को बूथ डे का आयाेजन किया गया। कई बूथों पर बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) अनुपस्थित रहे। इससे लोग परेशान हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन कराने के लिए पहुंचे।
बिल्हौर तहसील क्षेत्र की विधानसभा 209 (सुरक्षित) में मतदाता सूची में सुधार के लिए 430 बूथों पर आवेदन लिए गए। बिल्हौर इंटर कॉलेज स्थित बूथ संख्या 58 पर बीएलओ शिवा अवस्थी के अनुपस्थित रहने से कई मतदाता निराश होकर लौट गए। सूचना मिलने पर एसडीएम बिल्हौर संजीव दीक्षित मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों के माध्यम से मतदाताओं के फार्म-6, फार्म-8 संबंधित आवेदन जमा करवाए। कुछ मतदाता नोटिस का जवाब देने भी पहुंचे थे।
चकेरी क्षेत्र के सनिगवां स्थित केआरपुरम निवासी गोविंद प्रसाद तिवारी की पत्नी संगीता तिवारी का नाम मतदाता सूची से गायब हो गया था। कई बार बूथ पर जाने पर भी बीएलओ नहीं मिले। शनिवार को बूथ डे पर बीएलओ के मिलने पर उन्होंने बताया कि वर्ष 2003 से सूची में नाम था लेकिन इस बार नहीं है। बीएलओ ने फार्म-6 भरवाकर नाम दर्ज कराने का आश्वासन दिया।
घाटमपुर के कैप्टन सुखवासी सिंह जनता इंटर कॉलेज (बूथ 216 से 221) पर कई मतदाता दस्तावेजों की कमी से जूझते दिखे। एक मतदाता अंशू ने बताया कि माता-पिता के स्वर्गवास के कारण उनके आधार या जाति प्रमाण पत्र नहीं होने से उनका नाम सूची में नहीं जुड़ पा रहा। इसी तरह की समस्या अन्य मतदाताओं को भी आई। जाहिद अपने नाम की अंग्रेजी अक्षर की गलती ठीक कराने, अनीस पहली बार वोट जुड़वाने पहुंचे। सुनील गोस्वामी ने मकान नंबर सुधारने और कुसुम देवी ने परिवार से अलग स्थान पर दर्ज नाम को लेकर आपत्ति दर्ज कराई।
प्राथमिक विद्यालय परास (बूथ 257 से 260) पर कई लोग अपनी बहुओं का वोट जुड़वाने और पुराने मतदाता सूची का विवरण लेने पहुंचे। दुष्यंत तिवारी, अरुणा देवी, पुष्पेंद्र यादव और आदर्श सचान भी नाम जोड़ने व संशोधन कराने आए थे। पतारा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय में भीतरगांव से आए शुभांशु अपनी पत्नी का नाम कटवाकर दूसरी जगह जुड़वाने की प्रक्रिया में लगे रहे। हेमा, गीता द्विवेदी, रचना, संगीता, अतुल, पलक समेत कई अन्य मतदाताओं ने भी नाम संशोधन और नए पंजीकरण के लिए आवेदन किए।