कानपुर। गुजैनी के रविदासपुरम इलाके में शुक्रवार रात लोगों ने चोरों की अफवाह पर एक ऑटो चालक को पीट दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ऑटो चालक को भीड़ के चंगुल से छुड़वाकर अस्पताल भेजा। ऑटो चालक की तहरीर पर पांच नामजद व 25 अज्ञात समेत 30 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गुजैनी के रविदासपुरम में शुक्रवार देर रात अफवाह फैली कि साधु के वेश में चोर घूम रहे हैं। इस पर लोग लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर निकल आए। इसी दौरान बादशाहीनाका के लाठी मोहाल निवासी ऑटो चालक किशन मिश्र सवारी छोड़कर घर लौट रहा था। भीड़ ने उसे चोर समझकर घेर लिया और ऑटो से खींचकर पेड़ में बांध दिया। इसके बाद उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। चोर पकड़े जाने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छुड़ाकर अस्पताल भिजवाया। गुजैनी थाना प्रभारी अमरनाथ विश्वकर्मा ने बताया कि पीड़ित चालक किशन मिश्र ने तहरीर दी है। इसके आधार पर रविदासपुर निवासी बउवा, बंटी, छंगा, आकाश, खबरी समेत पांच नामजद और करीब 20–25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
(संवाद)