फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश से फसलें जलमग्न, बस्तियों में घुसा पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। दो दिन से हो रही झमाझम बारिश से अब खेत जलमग्न हो गए हैं। हालात ये हैं कि रसूलाबाद व मैथा क्षेत्र में सैकड़ों बीघे धान की फसलें जलमग्न हो गई हैं। मरहमताबाद में हवाई पट्टी बनने से नाला अवरुद्ध है इसकी वजह से फसलों के जलमग्न होने की स्थिति बनी है।
विज्ञापन

गुरुवार को भी रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। इससे जन जीवन अस्त व्यस्त रहा। बस्तियों में पानी घुस गया। सदर तहसील, रसूलाबाद तहसील कॉलोनी कोतवाली, विकास भवन, अकबरपुर सीएचसी, तिस्ती चौकी में जलभराव से परेशानी हुई।
अकबरपुर में तहसील परिसर में जलभराव रहा। वहीं राजस्व कॉलोनी में भी नलियां ओवर फ्लो हो गई। सीएचसी में जलभराव होने से मरीजों को पानी से होकर अस्पताल पहुंचना पड़ा। कोतवाली परिसर व माती में विकास भवन के आगे जलभराव से परेशानी हुई।
विज्ञापन

रसूलाबाद में पूरी रात हुई तेज बारिश से मनावां, यादव नगर, माधव नगर, भैसायां, कठारा, शाहपुर, महेरा, रतनपुर, माल का पुरवा, पितान पुरवा, कुशल पुरवा, मैजू समस्तपुर आदि गांवों में धान की हजारों बीघा फसल जलमग्न हो गई।
सड़कों पर पानी भर गया। नेहरू नगर जलभराव के कारण टापू बन गया। जेसीबी से नाले की ऊंची दीवारों को तुड़वाया गया तब जल निकासी शुरू हो सकी। सुभाष नगर, आजाद नगर, कबीर नगर व गांधीनगर में नाला ओवरफ्लो होने से घरों में पानी भर गया।
इससे गृहस्थी का सामान भींग कर खराब हो गया। लोग पूरे दिन घर से पानी निकालने की मशक्कत करते रहे। तहसीलदार व नायब तहसीलदार आवास परिसर में पानी भर गया। सीएचसी तथा मेटरनिटी विंग जाने वाले रास्ते में जलभराव से मरीजों को दिक्कत रही। वन रेंजर कार्यालय समेत कई सरकारी भवनों में भी जलभराव हो गया। तिस्ती चौकी परिसर में जलभराव से पुलिस कर्मी परेशान रहे।
रनियां के मंटोरा ओवरब्रिज के पास सर्विस रोड में नाला चोक होने से जलभराव हो गया। चिटिकपुर फैक्टरी के पास की बस्ती में जलभराव बढ़ गया। शिवली, संदलपुर, मुंगीसापुर व सिकंदरा क्षेत्र में भी जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। राजपुर में थाना मार्ग व शिक्षा नगर मे रास्ते पर जलभराव हो गया। रैन बसेरे मार्ग जलमग्र होने से इस मोहल्ले के लोगों को दिक्कत हुई।
जल निकासी का प्रबंध न होने से मुसीबत
झींझक। लगातार हो रही बारिश से गांवों में जलभराव की समस्या जल निकासी न होने से विकराल हो गई है। वहीं कस्बा के कंचौसी रोड मोहल्ले में जल निकासी ध्वस्त होने से घरों के बाहर जलभराव हो गया। मुंडेरा, शाहपुर, लगरथा, पालनगर, बड़ा गांव, जुरिया आदि गांव में बस्ती में जलभराव से लोगों को आवाजाही में मुसीबत उठानी पड़ रही है।
मुंडेरा के जगदीश, शाहपुर के जितेंद्र, खितारी के दिनेश, लगरथा के अजय सिंह का कहना है कि जल निकासी न होने के कारण जलभराव हो गया है। एडीओ पंचायत झींझक रजनीश वर्मा ने बताया कि रोस्टर बनाकर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।
हवाई पट्टी का नाला संकरा, फसलें डूबी
शिवली। क्षेत्र के मरहताबाद हवाई पट्टी का नाला कम चौड़ा है। इसकी वजह से बारिश का पानी नहीं निकल पाता है और जलभराव होता है। दो दिन से हो रही बारिश से कई गांवों के खेतों में भर गया है। धान की सैकड़ों बीघा फसल डूब गई है। अब किसान डीएम से गुहार लगाने का मन बना रहे हैं।
हवाई पट्टी के नीचे से होकर सूपा नाला निकला है। किसान रवि कुमार, पुरुषोत्तम, प्रवीण कुमार, छेदीलाल, मूलचंद्र, जगदीश, हरिश्चंद्र, रमेश, मुकेश कुमार, छम्मीलाल, कमलेश, मनोज ने बताया कि सूपा नाला बनाते समय चौड़ाई कम कर दी गई है। इससे पूरा नहीं निकल पाता है। बरसात का पानी रायपुर, बगुलाही, गहरा, औरंगाबाद, रामगढ़, मझिहार, बरियननिवादा, उसरी, हंसपुरम, कपूरपुर के खेतों में भर गया है।
डूबी फसल बर्बाद होने की आशंका से किसान सदमे में है। वहीं गांवों में पानी घुसने की आशंका बनी है। किसानों का कहना कि हवाई पट्टी बनाते समय पानी निकास का सही आकलन नहीं किया गया। जल्दबाजी में काम करा दिया गया। जिसका परिणाम किसान कई सालों से भुगत रहे हैं।
किसानों की समस्या से सिंचाई विभाग व उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।
-रामशिरोमणि (एसडीएम मैथा)
सूपा नाला की सफाई कराई गई थी। ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हवाई पट्टी के नाले के बारे में उच्चाधिकारियों से बात की जाएगी। जल निकासी का बेहतर प्रबंध हो यह सुनिश्चित कराया जाएगा। -निर्मला संखवार, विधायक रसूलाबाद।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें