अधिकारियों और थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर निर्देश देते आईजी एसके भगत
- फोटो : अमर उजाला
आईजी एसके भगत ने उन्नाव जिले की पुलिस लाइन सभागार में बैठक कर लोकसभा चुनाव के लिए दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले शातिर अपराधियों पर शिकंजा कसा जाए। कानून व्यवस्था दुरुस्त हो। पूर्व के चुनाव में पाबंद किए गए लोगों को चिह्नित कर उन्हें पाबंद करने के साथ वांरटी और वांक्षित की गिरफ्तारी कराई जाए।
आईजी रेंज लखनऊ एसके भगत देर शाम करीब 7:30 बजे पुलिस लाइन सभागार पहुंचे। आईजी के आने के दो घंटे पहले ही एसपी एमपी वर्मा ने सभी थानाध्यक्षों के साथ सर्किल के सीओ को बुला लिया था। सलामी लेने के बाद आईजी पुलिस लाइन सभागार पहुंचे और चुनाव पर फोकस करते हुए मातहतों को दिशा-निर्देश दिए।
आइजी ने गुुंडा, गैंगस्टर, जिला बदर अपराधियों को सूचीबद्ध करने के साथ ही उन पर कड़ी नजर रखने के लिए कहा। असलहों का सत्यापन कराने के साथ जिन पर मुकदमे दर्ज हों, उनका लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में अवैध असलहों के साथ कच्ची की भी खपत होती है। पुलिस इस पर पूरी तरह अंकुश लगाए। असलहा बनाने वालों को गिरफ्तार करें। क्रिटिकल, बर्नेबल पोलिंग सेंटरों का चिह्नाकन कर उनका निरीक्षण करें और जरूरी कदम उठाएं। बैठक में एएसपी विनोद कुमार पांडेय, सभी सीओ और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।