औरैया जिले के अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शाहपुर वेंदी में एक 17 वर्षीय युवक का शव पड़ोसी के घर में फांसी पर लटका मिला। रात में करीब तीन बजे आरोपियों ने सूचना दी की घर में चोर घुसा है। सूचना पर पहुंची यूपी पीआरवी ने कुंडी तोड़कर कमरा खोला और शव को नीचे उतारा।
मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाकर शव नहीं उठने दिया। अपर पुलिस अधीक्षक के समझाने के बाद परिजन माने और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पिता की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में ले लिया है।
घटना के पीछे गैर बिरादरी की लड़की से प्रेम प्रसंग का मामला बताया गया है। कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर वेंदी निवासी अनुसूचित जाति के परशुराम दोहरे पेशे से राज मिस्त्री का काम करते हैं। परशुराम दोहरे के तीन पुत्रियां और चार पुत्र हैं। जिसमें वह एक पुत्र सुरेश व पुत्री सोनी की शादी कर चुका है।
सात भाई-बहनों में चौथे नंबर का हिमांशु दोहरे (17) गुजरात के सूरत शहर में प्राइवेट नौकरी करता था। छह माह पहले ही वह घर आया था। फिर उसके बाद वह नौकरी पर नहीं गया। शनिवार को हिमांशु का परिवार रिश्तेदारी में अपने मामा के लड़के की शादी में शामिल होने करमपुर गया था।
घर में हिमांशु व उसकी छोटी बहन अकेली थी। हिमांशु का बड़ा विवाहित भाई सुरेश अपने परिवार के साथ बाहर रहता है। और वह प्राइवेट काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। रविवार को सुबह तड़के तीन बजे हिमांशु का शव पड़ोसी देवेंद्र कुमार सिंह उर्फ मंगे के घर के कमरे में लटका मिला।
सूचना पर पहुंची पीआरवी ने कमरे की कुंडी तोड़ी और अंदर प्रवेश कर फांसी पर लटके शव को नीचे उतारा। जिसके बाद सूचना पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन शादी समारोह से मौके पर पहुंचे। हिमांशु का शव देख परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजन मृतक का शव नहीं उठने दे रहे थे। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार दीक्षित मौके पर पहुंचे और काफी देर तक परिजनों को समझाते रहे। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया। जिसके बाद परिजन माने और मृतक का शव उठने दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक हिमांशु के पिता परशुराम ने पड़ोसी देवेंद्र उर्फ मंगे सिंह, इंदल सिंह उर्फ इंदु, मोहित, राजन, सौरभ, विजय सिंह, हरपाल सिंह पर घर से खींच कर ले जाने के बाद मारपीट कर हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सात में से पांच आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।