चित्रकूट जिले में मऊ थाना क्षेत्र के तिलौली गांव में रविवार की देर शाम मंदिर में पूजा करने जा रहे सुशील गौतम (28) पुत्र भूपत गौतम को गांव के ही पांच-छह लोगों ने घेर लिया। लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से लैस हमलावरों ने युवक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध पर बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी।
गुस्साए ग्रामीण ने झांसी-मिर्जापुर राजमार्ग पर जाम लगा दिया। जाम देर तक लगा रहा। गांव निवासी सुशील गौतम मुंबई में नौकरी करता था। लॉकडाउन में गांव लौटा था। बड़े भाई संजय गौतम ने बताया कि उनका एक घर मऊ कस्बे के शिवपुर में भी है।
उन्होंने बताया कि सुशील खेत देखने गया था। खेत के पास ही मंदिर में वह रोज की तरह पूजा करने जा रहा था। तभी रंजिश के चलते हमलावरों ने पीटकर हत्या कर दी। उधर, ग्रामीणों व परिजनों ने बताया घटना के समय पुलिस का वाहन मौके से गुजरा, जिसे उन लोगों ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस का वाहन नहीं रुका।
परिजनों ने बताया कि घटना की सूचना देने के काफी देर बाद पुलिस पहुंची। राजमार्ग पर जाम लगने से सड़क के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई। परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज हत्योरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। देर रात जाम लगने के चलते पुलिस के आला अधिकारी मौके पर ग्रामीणों व परिजनों को समझाने में जुटे रहे। एसडीएम के आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर जाम समाप्त किया गया।