युवक की हत्या के बाद ग्रामीणों का हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
इटावा जिले में युवक की निर्मम हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां इकदिल थाना क्षेत्र में लुधियात मोहल्ला निवासी मनोज कुमार राजपूत (25) मंगलवार से लापता था। बुधवार को उसका शव संदिग्ध हालात में सड़क किनारे झड़ियों में फांसी पर लटका मिला। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घटना से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जमकर हंगामा किया। यही नहीं मौके पर मौजूद पुलिस और पत्रकारों पर पथराव भी किया। घटना में एक दरोगा व एक पत्रकार घायल हुए हैं। ग्रामीणों के हंगामे से हाईवे पर यातायात पूरी तरह से प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों ने कुछ दुकानों में तोड़फोड़ कर दी। मामला बढ़ता देख सीओ फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लाठियां पटक कर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने आनन-फानन में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार युवक का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। मृतक के परिजनों ने तहरीर दी है। मृतक युवक मजदूरी करता था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।