फतेहपुर जिले के हुसैनगंज में बदले का पुरवा और मानपुर के बीच वन विभाग के जंगल में एक महिला का शव सोमवार सुबह मिला। शव के गले पर चाकू के कई निशान थे। मौके पर लोगों ने शव की शिनाख्त मानपुर गांव की बेटी रीता के रूप में की।
पिता ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगा तहरीर दी। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मानपुर और बदले का पुरवा के ग्रामीणों ने सोमवार सुबह शौच जाते समय बबूल के जंगल में एक महिला को जमीन पर पड़ा देखा।
ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों गांव के ग्रामीण मौके पर जुट गए। मानपुर के महेंद्र पाल लोधी भी वहां पहुंचे। महिला को देखते ही वे रोने-बिलखने लगे।
महिला उनकी ही बेटी रीता (35) थी। गर्दन में चाकू के कई निशान थे। शरीर में और भी कई जगह चोटें दिख रही थीं। महेंद्र ने बेटी की हत्या कर शव फेंकने का आरोप ससुरालियों पर लगाया।