जालौन जिले के कदौरा में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। सीएचसी पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पति की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस व तहसीलदार ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को बताया कि चार दिन पहले पति युवती को मायके से वापस घर ले गया था। पुलिस का कहना है कि पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार सुबह थाना क्षेत्र के ग्राम मरगांया निवासी वर्षा (26) की मौत हो गई। ससुरालियों के मुताबिक वर्षा का शव उसके कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला था। सीएचसी में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति चंद्रभान का कहना है कि पत्नी ने आत्महत्या की है।
इसके कुछ ही देर बाद सूचना पर सीएचसी पहुंचे वर्षा के मायकेवालों ने हंगामा शुरू कर दिया। दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति चंद्रभान से हाथापाई भी कर दी। इससे सीएचसी परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार शशिविंद दुबे व थाना पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देते हुए मामले को शांत कराया।