यूपी के इलाहाबाद में दिनदहाड़े हुई वकील की हत्या ने पूरे प्रदेश में खलबली मचा दी है। वकीलाें का कहना है अायदिन हाे रही हत्याें के बीच पुलिस प्रशासन पूरी तरह से नाकाम साबित हाे रहा है। हत्या के विरोध में शुक्रवार को वकील हड़ताल पर रहेंगे।
इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता राजेश श्रीवास्तव की हत्या के विरोध में शुक्रवार को वकील हड़ताल पर रहेंगे। लायर्स और बार एसोसिएशन ने संयुक्त रूप से यह फैसला लिया है। शुक्रवार दोपहर एक बजे शताब्दी गेट पर पुलिस प्रशासन का पुतला फूंका जाएगा। बार एसोसिएशन के महामंत्री भानु प्रताप सिंह ने कहा कि वकीलों पर हमले बढ़ रहे हैं। आए दिन वकीलों की हत्या हो रही है।
पुलिस प्रशासन वकीलों को सुरक्षा देने में नाकाम साबित हो रहा है। लायर्स एसोसिएशन के महामंत्री जितेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि अचानक वकीलों पर हमलों में तेजी आई है। वकील अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष सुरेश सिंह चौहान और पूर्व महामंत्री अनूप कुमार द्विवेदी ने हाईकोर्ट के वकील की हत्या का जल्द खुलासा करने की मांग उठाई है।
जनवादी अधिवक्ता एसोसिएशन की बैठक अधिवक्ता केके यादव के चेंबर में हुई। इसमें हाईकोर्ट के अधिवक्ता के हत्यारों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई गई। वकील की हत्या के विरोध में शुक्रवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया जाएगा।
बार एसोसिएशन की आम सभा स्थगित बार एसोसिएशन की गुरुवार को होने वाली आम सभा स्थगित कर दी गई। महामंत्री भानु प्रताप सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर चौहान के निधन के कारण आम सभा स्थगित की गई है। अब आम सभा की तिथि कार्यकारिणी की सहमति से बाद में तय की जाएगी।