विजय नगर चौराहे के पास मंगलवार दोपहर पुलिस की वसूली से बचने के लिए ड्राइवर ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी, जिसकी चपेट में आकर दो छात्रों की मौत हो गई। भीड़ ने चालक और क्लीनर को दबोच लिया और जमकर पीटा। आक्रोशित लोगों ने कालपी रोड पर जाम लगा दिया और एक घंटा तक पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
सीओ नजीराबाद शिव प्रसाद दुबे सर्किल के तीनों थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। चालक और ट्रक को कब्जे में लेकर लोगों को समझाया। तब जाकर मामला शांत हुआ। छात्रों के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
पकड़े गए चालक विमल और क्लीनर प्रदीप विश्वकर्मा दोनों घाटमपुर के रहने वाले है। विजय नगर निवासी सुरेश का बेटा बादल (12) क्षेत्र के एसआर मॉडल स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था। मंगलवार दोपहर बादल अपने सहपाठी अनूप (11) के साथ घर लौट रहा था।
दोनों छात्र साइकिल से सड़क पार रहे थे। तभी विजय नगर चौराहे पर लगे बैरियर के पास पनकी की तरफ से आ रहे चालक ने पुलिस की वसूली से बचने के चक्कर में ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी।
इसी की चपेट में दो छात्र आ गए। बादल की मौके पर मौत हो गई, जबकि अनूप को फौरन हैलट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पाकर दोनों छात्रों के परिजन रोते-बिलखते हुए विजय नगर चौराहे पर पहुंच गए।
आक्रोशित मोहल्ले वालों और राहगीरों ने कालपी रोड पर जाम लगा दिया। गुस्साए लोगों ने वसूली का आरोप लगाते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सीओ ने चालक के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। अर्मापुर एसओ ने बताया कि ट्रक कब्जे में लेकर दोनों को गिरफ्तार किया है।