बिधनू के दलनपुर गांव में एक जुएं के अड्डे में मंगलवार को पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने घेराबंदी करके पांच जुआरियों को दबोच लिया। जबकि एक भागते समय नाली में गिर गया।
उसे फौरन पुलिस सीएचसी, हैलट और फिर कार्डियोलॉजी ले गई जहां कार्डियोलॉजी में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर सपा, बसपा नेताओं के साथ परिजन कार्डियोलॉजी पहुंचे। बिधनू एसओ और उनके सहकर्मियों पर पीट-पीटकर हत्या करने और नकदी एवं अंगूठियां लूटने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
एएसपी सीओ स्वरूप नगर सुशील घुले फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। गुस्साएं लोगों को आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया। देर रात परिजनों ने स्वरूप नगर थाने में एसओ और उनके सहकर्मियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
परिजनों ने शव को मोर्चरी में नहीं रखने दिया। रात भर वे लोग शव लेकर हैलट परिसर में बैठे रहे। बिधनू एसओ अतर सिंह यादव को दोपहर में खबर मिली कि दलनपुर गांव में पूर्व प्रधान ऊदन सिंह की बाग में जुएं का अड्डा चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर करीब दो बजे तीन बाइक से पहुंचे आठ पुलिसकर्मियों ने बाग में छापा मारा। पुलिस को देखते ही जुआरी भाग निकले। पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर नौबस्ता के धरीपुरवा निवासी हरिशंकर, पसेवा घाटमपुर के सुभाष अवस्थी, मछरिया नौबस्ता मछरिया के हरिश्चन्द्र और साकेत नगर में रहने वाले अविनाश को दबोच लिया। पर,
भागने के दौरान बर्रा विश्व बैंक निवासी सुनील कुमार सिंह (40) खेत के किनारे बनी नाली में गिर गए। उनकी हालत देख पुलिसकर्मी घबरा गए। आनन-फानन सुनील को पुलिसकर्मी सीएचसी, हैलट और फिर कार्डियोलॉजी ले गए। कार्डियोलॉजी में डॉक्टरों ने सुनील को मृत घोषित कर दिया।
अविनाश ने घटना की सूचना सुनील की पत्नी लक्ष्मी को मोबाइल के जरिए दी। मामले की जानकारी होने पर सुनील के भाई उदय प्रताप भाभी लक्ष्मी और परिजनों के साथ कार्डियोलॉजी पहुंचे। वहां सुनील को मृत देख पूरा परिवार दहाड़े मार कर रो पड़ा। उदय ने बताया कि सुनील को बिधनू पुलिस ने पीट-पीट कर मार डाला है।
सुनील के पास से करीब दो लाख रुपये कैश और अंगूठियां भी गायब हैं। इसी बीच मामले की जानकारी होने पर सपा नेता लाल सिंह तोमर, राजू यादव. बसपा नेता रजनीश तिवारी, कांग्रेस नेता फिरदौस अजहर उर्फ लालू, मोहम्मद हनीफ समर्थकों के साथ कार्डियोलॉजी पहुंचे और पुलिस हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
बवाल की सूचना पर एएसपी सीओ स्वरूप नगर, सीओ कर्नलगंज समेत कई थानों का फोर्स वहां पहुंचा। एएसपी ने आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का भरोसा देकर मामला शांत कराया।
एसओ और सहकर्मियों के खिलाफ तहरीर
उदय प्रताप सिंह ने बिधनू एसओ अतर सिंह यादव और उनके सहकर्मियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। उदय ने लिखा है कि उनकी भाभी (सुनील की पत्नी) लक्ष्मी को अविनाश, भूल्ले और सुजीत ने घटना की सूचना दी।
वे लोग हैलट पहुंचे तो पता चला कि पुलिस वाले सुनील को कार्डियोलॉजी ले गए हैं। वहां पहुंचे तो सुनील मृत पड़े थे। आरोपी एसओ और उनके सहकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाए।
जुआ खेलने की सूचना पर बिधनू पुलिस ने दबिश दी थी। इसमें भागने के दौरान एक जुआरी गिर गया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। उसे फौरन अस्पताल ले जाया गया पर जहां उसकी मौत हो गई। संभवतः हार्ट अटैक से उसकी मौत हुई है। बुधवार को डॉक्टरों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वीडियोग्राफी भी होगी। पोस्टमार्टम के बाद हकीकत सामने आ जाएगी।
-सुरेंद्र नाथ तिवारी, एसपी ग्रामीण