बिल्हौर में कोहरे के कहर से शनिवार की सुबह खड़े ट्रक में डीसीएम जा घुसी। दुर्घटना से मोटर मालिक और खलासी की मौके पर ही मौत हो गई।
चालक को काफी मशक्कत के बाद गाड़ी काटकर बाहर निकाल गया। उसे सीएचसी में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया गया।
दिल्ली से केमिकल के ड्रम लादकर कानपुर जा रही एक डीसीएम कोहरे में अंदाजा न लग पाने से क्षेत्र के अरौल पुलिस चौकी के हसौली काजीगंज गांव में जीटी रोड किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी।
घना कोहरा होने से काफी समय तक लोगों को घटना का एहसास नहीं हो सका। ढाबे से ट्रक पर पहुंचने पर घटना की जानकारी हो सकी।
आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम को जैसे-तैसे पीछे किया। क्षतिग्रस्त गाड़ी में फंसे तीनों लोगों को लोगों को बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करहा रहे चालक को गंभीर हालत में निकालकर उपचार के लिए भेज गया।
अरौल चौकी इंचार्ज कृपाल सिंह ने बताया कि दुर्घटना में डीसीएम मालिक टिंकू (22) पुत्र अखिलेश निवासी थाना बिजौरा जिला उन्नाव और कंडेक्टर पुत्तू (22) पुत्र शब्बीर निवासी हरदोई की मौके पर ही मौत हो गई।
चालक रिजवान (28) पुत्र सिराजुद्दीन निवासी भड़ैचा थाना सहसा जिला हरदोई गंभीररूप से घायल हो गया। बताया कि कोहरा अधिक होने से सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस जाने से दुर्घटना हुई।
डीसीएम मालिक दिल्ली में रहकर काम-काज करता था। शुक्रवार की रात वह दिल्ली से माल लादकर अपने चालक और ड्राइवर के साथ कानपुर जा रहा था, तभी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।