कोहना से लापता युवक रंजीत वर्मा (22) का शव शनिवार को कल्याणपुर के एक नाले में पड़ा मिला। शरीर पर गंभीर चोट और गले में रस्सी से घोंटने का निशान मिला है।
जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि पिटाई के बाद गला घोंटकर हत्या की गई है। मौके पर पहुंची मां कृष्णा देवी और भाई विक्रम ने शव की शिनाख्त की। तलाशी में युवक की जेब से पांच हजार रुपये मिले हैं। परिजनों ने काकादेव निवासी तीन युवकों पर हत्या का शक जताते हुए कल्याणपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस के अनुसार अवैध संबंधों में हत्या का शक है।
विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी खड़खड़ा चालक रंजीत वर्मा घर में मां कृष्णा देवी और चार भाइयों विक्रम, रामपाल, टेनी, लल्ला के परिवार के साथ रहता था। विक्रम ने बताया कि रंजीत 31 दिसंबर की रात से लापता था। फोन स्विच ऑफ था। शुक्रवार दोपहर आवास विकास तीन पनकी नहर के पास खड़खड़ा लावारिस मिला था।
शनिवार सुबह परिजन गुमशुदगी दर्ज कराने कल्याणपुर थाने पहुंचे। इसी दौरान कंट्रोल रूम से आवास विकास तीन के नाले में शव मिलने की सूचना मिली तो पुलिस के साथ परिजन भी मौके पर पहुंच गए। वहां परिजनों ने शव की शिनाख्त की। परिजनों ने बताया कि रंजीत का रोशन नगर निवासी कामरान, इमरान और मोनू के घर आना-जाना था। आरोप है कि कामरान की बहन से नजदीकी के चलते उसे मारा गया है।
बिधनू में विवाहिता का गला घोंटकर हत्या कर दी गई। शव कमरे मेें बेड पर ही पड़ा मिला। मृतका के भाई की तहरीर पर पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने सास और ससुर को गिरफ्तार भी कर लिया गया है, जबकि पत्नी की मौत के बाद से बेसुध पति का पुलिस की सुरक्षा में इलाज चल रहा है।
चौराई गांव निवासी कृपाशंकर तिवारी के बेटे संजीव की शादी 2012 में फतेहपुर निवासी स्व. जमुना प्रसाद दुबे की बेटी आरती से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते संजीव पत्नी के साथ पड़ोस वाले घर में अलग रहता था। शुक्रवार शाम को पड़ोसन मोबाइल का चार्जर मांगने आरती के घर पहुंची तो उसे बेड पर बेसुध पड़ा देखा।
इस पर उसने सास राधा को जानकारी दी तो लोग विवाहिता को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बहन की मौत की खबर पर भाई कृष्ण कुमार भी पहुंचा और दहेज हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। इसी बीच जानकारी पाकर पुलिस भी पहुंच गई।
एसओ रामलाल पांडे ने बताया कि शाम को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटे जाने की पुष्टि हुई है। मृतका के भाई की तहरीर पर ससुरालीजनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अभी किसी से पूछताछ नहीं हो पाई है।