कन्नौज जिले के तिर्वा में हुए सामूहिक दुष्कर्म के बाद कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की लेकिन पुलिस के तुरंत हरकत में आने से शरारती तत्व कामयाब नहीं हो सके।
पीड़िता के घर और नगर में कई जगह पुलिस व पीएसी लगाने के साथ कुछ ही घंटों में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गारमेंट की दुकान में नौकरी कर शनिवार रात करीब आठ बजे पैदल लौट रही 20 वर्षीय युवती को दोस्त अमन खान पुत्र जुल्फिकार अली निवासी बौद्ध नगर ने घर छोड़ने के बहाने बाइक पर बैठा लिया।
कुछ दूरी पर सराफ गली निवासी आमिन पुत्र बबलू रंगरेज मिल गया। दोनों युवती को सुनसान स्थान पर ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
युवती ने यूपी 112 पर पुलिस को सूचना दी और परिजनों के साथ कोतवाली जाकर रात करीब 11 बजे मुकदमा दर्ज कराया। युवती से दुष्कर्म की जानकारी होते ही शरारती तत्व सक्रिय हो गए और सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने लगे।