भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार देररात बदमाशों ने एक ट्रक चालक और खलासी की हत्याकर सेंगुर नदी पुल के नीचे फेंक दिया। पुल के नीचे दो लाश पड़ी होने की सूचना से सनसनी फैल गई।
पुलिस ने पड़ताल कर दोपहर बाद सोयाबीन के आटे से लदा ट्रक पुखरायां चकचालपुर मार्ग से बरामद कर लिया है। इधर, कोतवाली में गांव मोहम्मदपुर के चौकीदार की तहरीर पर ट्रक लूट और हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
डीएसपी नरेशचंद्र वर्मा ने कहा है कि जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर वारदात का खुलासा किया जाएगा। शुक्रवार की सुबह मांवर गांव के पास सेंगुर नदी के पुल के नीचे दो लाशें पड़ी हड़कंप मच गया। दोनों शवों के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। गला रस्सी से कसा गया था और मुंह में कपड़ा ठूंस कर टेप लगाया गया था।
भोगनीपुर कोतवाल फरमूद अली पुंडीर ने बताया कि एक मृतक की जेब से मिले कागज से जयसिंह (48), करौली, मोहनपुर हनुमान मंदिर के पास, राजस्थान और दूसरे शव के हाथ में लोकेश (35) लिखे होने से उनके ट्रक ड्राइवर और खलासी होने का अनुमान लगाया गया।
कागज पर ट्रक नंबर लिखा था जो कि कोटा, राजस्थान से सोयाबीन का आटा लादकर बांग्लादेश बार्डर चौकी ले जाने की जानकारी भी दर्ज थी। बताया कि स्थानीय ट्रांसपोर्ट कंपनियों से ट्रक नंबर के आधार पर जानकारी करके पुष्टि की गई। बताया कि ट्रक नंबर से उसके लूटे जाने के प्रयास की पुष्टि हो गई। ट्रक में रखे कागजात की जानकारी के आधार पर ट्रक मालिक अरविंद, पुरानी ट्रक यूनियन करौली-राजस्थान को सूचना दी गई है।