पुलिस चौकी नंदना के गनेशपुर गांव में जहरीली शराब पीने से तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि, छह लोग बीमार हैं। बीमारों को अकबरपुर और सीएचसी घाटमपुर में भर्ती कराया गया। बताया गया है कि जहरीली शराब पंचायत चुनाव में किसी प्रत्याशी की ओर से बंटवाई गई थी। मंगलवार को घाटनमपुर पुलिस ने गनेशपुर गांव के एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।
पतारा क्षेत्र में बीते रविवार को पंचायत चुनाव के लिए वोट डाले गए थे। जिला पंचायत का चुनाव लड़ने वाले कुछ प्रत्याशियों ने मतदाताओं को रिझाने के लिए शराब बंटवाई थी।
गनेशपुर गांव निवासी गोकुल नायक (40) के घर बची हुई शराब की सोमवार देर शाम दावत हुई। गोकुल के साथ गांव के ही धनपाल (56), उसके पुत्र बृजेंद्र (30), बदन सिंह (47), गेंदा लाल (30), हठी सिंह (63), कल्यान सिंह (55), कुंवर पाल (40) और बबलू (38) ने शराब पी। शराब पीते ही थोड़ी देर बाद गोकुल, धनपाल और बृजेंद्र की हालत बिगड़ने लगी।
उल्टियां शुरू होने के साथ आंखों से दिखना बंद हो गया। अन्य लोगों ने भी चक्कर आने की शिकायत की। आनन फानन में परिजन गोकुल को अस्पताल ले जाने का प्रबंध करने लगे, लेकिन कुछ ही क्षणों में उसकी मौत हो गई। वहीं धनपाल के पुत्र बृजेंद्र को देरशाम सीएचसी घाटमपुर लाया गया। डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया था।
कानपुर में ही देररात उसकी मौत हो गई। भोर में धनपाल की भी गनेशपुर गांव में मौत हो गई। गांव में तीन मौत की सूचना से अफरा-तफरी मच गई। चक्कर आने और आंखों के आगे अंधेरा छाने की शिकायत पर बदन सिंह, गेंदालाल और हठीसिंह सहित तीन लोगों को सीएचसी घाटमपुर में भर्ती कराया गया।
जबकि, कल्यानसिंह, नत्थू सिंह और कुंवरपाल को जिला चिकित्सालय अकबरपुर (कानपुर देहात) में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद डाक्टरों ने उनकी हालात सामान्य बताई है।