गैस कटर से स्ट्रांग रूम काटने की कोशिश
कानपुर यूनिवर्सिटी कैंपस में चौकी के बगल में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में चोरी का प्रयास हुआ। शातिर चोर बैंक के स्ट्रांग रूम तक पहुंच गया। गैस कटर से काटने की कोशिश भी की। हालांकि किसी कारण वह सफल नहीं हो पाया। घटना रविवार तड़के करीब चार बजे की है। चोर ने सीसीटीवी कैमरे में स्प्रे छिड़क दिया था। इस कारण वह अंदर घुसते हुए तो कैद हुआ है, इसके आगे की तस्वीर नहीं है।
दिवाली की छुट्टी के चलते बैंक शनिवार के बाद बुधवार को खुला। अंदर पहुंचे कर्मचारियों ने देखा कि बैंक के स्ट्रांग रूम को काटने का प्रयास हुआ। छानबीन की गई तो पता चला बैटरी रूम की खिड़की काटकर चोर अंदर घुसा। इस पर बैंक मैनेजर कमलेश मिश्रा ने कल्याणपुर थाने में शिकायत की। एसएसपी आकाश कुलहरि, एसपी पश्चिम सचिंद्र पटेल और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। एसएसपी के मुताबिक स्ट्रांग रूम को गैस कटर से कई बार काटने की कोशिश की गई है। बैंक मैनेजर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसएसपी के मुताबिक शनिवार को बैटरी रूम में रखी बैटरी का पानी बदलवाया गया था। चोर भी बैटरी रूम से ही दाखिल हुआ था। बैटरी का पानी बदलने वाले से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक हो सकता है चोर रेकी के लिए पहले भी बैंक आया हो, इसके चलते पुरानी फुटेज निकलवाई जा रही है। शनिवार के काम के बाद बैंक बुधवार को खुला था। बैंक अधिकारी के मुताबिक स्ट्रांग रूम में करीब 18 से 20 लाख रुपये थे।