कल्याणपुर शारदा नगर में एक डॉक्टर ने मोबाइल लुटेरों को धूल चटा दी। दबोच कर पीटा तो लुटेरे बाइक छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने बाइक को कब्जे में लिया है। आगे और पीछे दोनों नंबर प्लेट पर अलग-अलग नंबर लिखा है।
इन विराट अपार्टमेंट शारदा नगर निवासी डॉ फहीम मेडिकल कॉलेज से एमडी कर रहे हैं। रविवार रात डॉ. फहीम डिनर करने के बाद घर के बाहर टहलकर फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार दो लुटेरों ने झपट्टा मारकर मोबाइल लूटने का प्रयास किया।
डॉ. फहीम ने बाइक पर पीछे बैठे लुटेरे को दबोच लिया और सड़क पर घिसटते चले गए फिर भी नहीं छोड़ा। कुछ दूर जाकर लुटेरे बाइक सहित सड़क पर गिर गए। डॉक्टर ने एक को दबोचकर पीटना शुरू किया तो दोनों डॉक्टर पर हावी हो गए। डॉ. फहीम ने खुद को सुरक्षित किया तो दोनों पैदल रेलवे क्रॉसिंग पार करके पॉलीटेक्निक की तरफ भाग निकले। बाद में पुलिस पहुंची। कल्याणपुर इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने बताया कि लुटेरों की धरपकड़ का प्रयास किया जा रहा है।
लुटेरों से भिड़ी, बचाई चेन
कानपुर। नजीराबाद थाने के पास बाइक सवार लुटेरों ने महिला से चेन लूट का प्रयास किया। महिला ने लुटेरे को दबोच लिया तो धक्का देकर भाग निकले और चेन लुटते बच गई। सूचना पर नजीराबाद पुलिस पहुंची पर महिला तहरीर दिए बगैर चली गई। कौशलपुरी निवासी रजनी गुप्ता ने बताया कि शनिवार शाम को सीसामऊ बाजार शॉपिंग करने गई थी।
रिक्शे से घर लौट रही थी तभी नजीराबाद थाने से चंद कदम की दूरी पर पीछे से आए बाइक सवार लुटेरों ने झपट्टा मारकर चेन लूटने का प्रयास किया। महिला ने बाइक पर पीछे बैठे लुटेरे को दबोच लिया। खुद को फंसता देख लुटेरा महिला को धक्का देकर भाग निकला। पुलिस की हीलाहवाली देख महिला ने तहरीर नहीं दी। नजीराबाद एसओ बृजेश यादव ने तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज करने की बात कहते हुए पल्ला झाड़ लिया।