मां और भाई की डांट से नाराज किशोरी ने शुक्रवार सुबह झकरकटी पुल से छलांग लगा दी। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी, लेकिन तीन थानों का सीमा विवाद के चलते पुलिस नहीं पहुंची।
बाद में लोगों ने उसे हैलट पहुंचाया। सूचना पर परिजन भी वहां पहुंचे। किशोरी के हाथ-पैर टूटने के साथ ही कई जगह की हड्डियों में फ्रैक्चर से हालत गंभीर बताई जाती है।
रायपुरवा के शक्कर मिल खलवा में रहने वाली लीलावती पति कल्लू के निधन के बाद प्राइवेट नौकरी करती हैं। घर में पांच बेटे और एक बेटी कंचनलता (16) है। किसी बात को लेकर सुबह कंचनलता को भाई और मां ने डांट दिया। इससे नाराज होकर कंचन झकरकटी पुल पहुंच गई और रेलिंग से छलांग लगा दी।
इससे पहले वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उसे रेलिंग पर चढ़ते देखा तो बचाने दौड़े, लेकिन तब तक कूद गई। कंट्रोल रूप में सूचना के बाद भी सीमा विवाद के चलते रेलबाजार, रायपुरवा और बाबूपुरवा एसओ ने एक-दूसरे का थानाक्षेत्र बताते हुए पल्ला झाड़ लिया।
वहां मौजूद लोगों ने खुद ही घायल किशोरी कंचनलता को हैलट में भर्ती कराया। होश में आने पर उसके बताए गए मोबाइल नंबर पर परिजनों को सूचना दी गई।
उधर, रेलबाजार एसओ प्रदीप कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटनास्थल जीआरपी या कलक्टरगंज थानाक्षेत्र में आता है। जीआरपी और कलक्टरगंज पुलिस का कहना है कि घटनास्थल किस थानाक्षेत्र में आता है अभी तय नहीं है। तहरीर मिलने पर जांच कराई जाएगी।