बास्केटबाल की स्कूल लेवल की राज्य स्तरीय खिलाड़ी आरजू शुक्ला (18) ने चकेरी स्थित अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
चकेरी इंस्पेक्टर राजीव द्विवेदी ने बताया कि परिजनों ने आरजू को उसके क्लासमेट जीतेश संखवार के साथ कमरे में देख लिया था और फिर जीतेश के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इससे आहत होकर उसने शुक्रवार को यह कदम उठाया।
कृष्णा नगर में रहने वाली महिला मनोज शुक्ला एचएएल में क्लर्क हैं। कई साल पहले उनके एयरफोर्स कर्मी पति का निधन हो गया था। घर में बेटी आरजू इंटर में पढ़ती थी और बेटा शिवा कंपटीशन की तैयारी कर रहा है। शिवा का दावा है कि आरजू सीबीएसई स्कूल में राज्यस्तरीय बास्केटबाल टूर्नामेंट खेलती थी।
शिवा ने बताया कि गुरुवार को आरजू घर पर अकेली थी। वह घर पहुंचा तो क्लासमेट जीतेश के साथ बहन को कमरे में देख लिया। नाराज शिवा ने जीतेश के खिलाफ रेप के प्रयास की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसके साथ ही जीतेश को जेल भिजवाने की धमकी भी दी।
इसे लेकर कलह भी हुई और शुक्रवार दोपहर तक परिजन आरजू को समझाते रहे। मान-मनौव्वल के बाद आरजू और जीतेश के परिजनों के बीच समझौता भी हो गया। शाम को भाई शिवा कमरे में गया तो आरजू का शव पंखे में चादर के सहारे लटकता मिला।
परिजन उसे हॉस्पिटल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चकेरी एसओ ने बताया कि तहरीर और जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।