कानपुर के पोखरपुर में ‘मौत का आपार्टमेन्ट’ बनाने वाला सपा नेता महताब आलम अपने पूरे परिवार के साथ गायब हो गया है। उसके घर के बाहर पुलिस लगा दी गई है। महताब और उसके परिवार के सदस्यों के मोबाइल नंबर बंद हैं। चर्चा है कि वे हॉन्गकॉन्ग भी जा सकते हैं। उनकी हॉन्गकॉन्ग में टेनरी और चमड़ा कारोबार है। इस सिलसिले में वे आए दिन वहां आया जाया करते हैं।
सपा नेता-ठेकेदार पर गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट
इमारत ढहने के मामले में सपा नेता महताब आलम और ठेकेदार के खिलाफ देर रात केडीए अफसरों ने गैर इरादतन हत्या समेत कई संगीन धाराओं में चकेरी थाने में एफआईआर दर्ज कराई। एसएसपी आकाश कुलहरि ने इसकी पुष्टि की। केडीए के विशेष कार्याधिकारी डीडी वर्मा की ओर से दी तहरीर में कहा गया है कि आराजी संख्या-628, 629, 630, 631, 646, 1054 और 1055 ग्राम गज्जूपुरवा चंदारी पर महताब आलम की तरफ से अवैध निर्माण कराया जा रहा था। इसकी सूचना क्षेत्र के अवर अभियंता ने 22 नवंबर को दी थी। 23 नवंबर को संबंधित पक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी कर 8 दिसंबर को अपना पक्ष रखने के लिए केडीए बुलाया गया था, लेकिन संबंधित पक्ष नहीं आया। इस कारण सुनवाई की अगली तिथि 20 दिसंबर तय की गई थी। इस बार भी विपक्षी ने अपना नहीं रखा और निर्माण कार्य भी बंद नहीं कराया। 26 दिसंबर को परिसर को सील करके स्थानीय पुलिस को सूचित कर दिया गया था। एक जनवरी को सील परिसर में निर्माण कार्य होते देख क्षेत्रीय अभियंता ने ठेकेदार से काम बंद करा दिया था। पर बुधवार दोपहर बाद 3.10 बजे सील खोलकर फिर अवैध निर्माण शुरू कराया गया।
केडीए की जांच समिति गठित
केडीए वीसी जयश्री भोज ने हादसे की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। केडीए चीफ इंजीनियर सरवत अली और चीफ आर्किटेक्ट एंड टाउन प्लानर (सीएटीपी) आशीष शिवपुरी को कमेटी में शामिल किया गया है। कमेटी अफसरों-कर्मचारियों की भूमिका भी जांचेगी। कमेटी एक सप्ताह में अपनी रिपोर्ट केडीए वीसी को सौंपेगी।