विद्युत उपकेंद्र के ठेकेदार के बेटे का अपहरण
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले के मल्लावां कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बीकापुर में निर्माणाधीन विद्युत उप केंद्र के ठेकेदार के बेटे का संदिग्ध हालात में अपहरण हो गया। पुलिस पूरे मामले को अपहरण से जोड़कर देख रही है। नोएडा के जेवर निवासी राजकुमार अग्रवाल केएल कंस्ट्रक्शन कंपनी चलाते हैं।
कंपनी का मुख्यालय अलीगढ़ में है। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के बीकापुर में 248 करोड़ रुपये से विद्युत उपकेंद्र का निर्माण हो रहा है। शासन से निर्माण कराने के लिए पावरट्रेक कंपनी को ठेका दिया गया है। पावर ट्रेक कंपनी ने के एल कंस्ट्रक्शन कंपनी अलीगढ़ को निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सौंपी है।
बीती 31 अगस्त को के एल कंस्ट्रक्शन कंपनी अलीगढ़ के मालिक राजकुमार अग्रवाल अपने पुत्र मयंक अग्रवाल (23) के साथ निर्माण कार्यों का जायजा लेने आए थे। सोमवार को राजकुमार अग्रवाल वापस लौट गए थे जबकि मयंक यहीं रुक गया था।
वह संडीला रोड पर किराए के मकान में रहता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बुधवार सुबह लगभग छह बजे मयंक अग्रवाल मजदूरों की हाजिरी लगाने के लिए साइट पर आए थे। इसके बाद इटिया देवी मंदिर के निकट चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लेने चले गए।