श्याम नगर में
पान विक्रेता श्याम सुंदर गोली लगने के 19 दिन बाद बुधवार को कोमा में चले
गए। इससे भड़के परिजनों और इलाकाई लोगों ने गोली मारने के आरोपी राजीव
मिश्रा के घर धावा बोल दिया और पथराव कर दिया।
एसपी पूर्वी सोमेन बर्मा,
चार सीओ सहित 15 थानों की फोर्स ने पहुंचकर भीड़ को काबू किया। देर रात तक
इलाके में तनाव रहा।
श्याम नगर सी-ब्लाक बल्ला की टटिया निवासी पान
विक्रेता श्याम सुंदर (48) को 23 जनवरी की रात वैन सवार लोगों ने गोली मार
दी थी। रीढ़ की हड्डी में गोली धंसने से श्याम सुंदर को लकवा मार गया था।
परिजनों ने राजीव मिश्रा पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरार होने पर राजीव के
खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी हो चुका है।
उधर श्याम सुंदर की हालत
बुधवार शाम बिगड़ गई और वे कोमा में चले गए। इसके बाद पत्नी आशा देवी, बेटे
भानू उर्फ अमित, शानू उर्फ सुमित, बेटी नैना ने सैकड़ों लोगों के साथ
आरोपी के घर पर धावा बोल दिया।
कुछ देर बाद पुलिस पहुंची। पुलिस ने आरोपी
के घर से हूटर और वीआईपी ड्यूटी लिखी गाड़ी बरामद की। आरोपी फरार है।
पीएसी, पुलिस तैनात कर दी गई है।