कल्याणपुर के विधायक सतीश निगम के दामाद की गाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद की जहानगंज थाना पुलिस ने तलाशी के दौरान कानपुर के सपा विधायक के दामाद की कार से 50 कंबल बरामद किए हैं। कार के ऊपर सचिवालय लिखा है। पुलिस ने कंबल अपने कब्जे में ले लिए हैं और गाड़ी को सीज करके मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष ललितेश त्रिपाठी और उड़नदस्ता प्रभारी आरपी भारती तथा अन्य पुलिसबल के साथ नाला बघार पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कार संख्या यूपी78डीजे-0326 की उन्होंने तलाशी ली तो उसमें 50 कंबल मिले। इस गाड़ी के मालिक ने अपना नाम सौरभ सक्सेना निवासी नगर पालिका रोड छिबरामऊ जिला कन्नौज बताया और इसके साथ शैलेश श्रीवास्तव भी मौजूद थे। सौरभ सक्सेना का कहना है कि वह कानपुर के कल्याणपुर के विधायक सतीश निगम के दामाद हैं, जिस वजह से गाड़ी में विधायक लिखा है। उनका कहना है कि 14 जनवरी को मकर संक्रांति पर गरीबों को कंबल बांटने के लिए वह ले जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें अनावश्यक रूप से रोक लिया है। थानाध्यक्ष ललितेश त्रिपाठी का कहना है कि आचार संहिता के उल्लंघन में सौरभ सक्सेना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उनकी गाड़ी को सीज कर दिया गया है। एक अन्य जानकारी के अनुसार इसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने बोलेरो संख्या यूपी76एन-6377 को रोककर जब चेकिंग की तो उसके अंदर 28 लाख रुपये एक पेटी में बंद पाए गए। इस गाड़ी पर सवार व्यक्ति ने अपना नाम संजय डेनियल बताया और कहा कि वह रीजनल बैंक नेकपुर चौरासी से रुपया लेकर शाखाओं में बांटने गया था। कमालगंज और जहानगंज की बैंकों को कैश देकर वह अमृतपुर कैश देने जा रहा था। पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। आयकर अधिकारी संजय जैन, डीएस मिश्र और ड्रग इंस्पेक्टर संदीप कुमार और प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घंटों जांच की। इसके बाद उसे जाने दिया गया।