टीचरों के व्हाट्सएप ग्रुप में अश्लील मैसेज भेजना एक सहायक अध्यापक को महंगा पड़ गया। शिक्षा अधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी टीचर के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है।
महोबा विकासखंड जैतपुर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय भटेवर खुर्द में तैनात एक सहायक अध्यापक द्वारा टीचरों के व्हाट्स एप ग्रुप में अश्लील मैसेज करने पर खंड शिक्षा अधिकारी ने टीचर के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। साथ ही माह जून का अग्रिम आदेशों तक वेतन रोक दिया है।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय भटेवर खुर्द जैतपुर में तैनात सहायक अध्यापक भूपेंद्र कुमार सेनी ने टीचरों के व्हाट्स एप ग्रुप में बेहद अशोभनीय और अश्लील मैसेज किए। इस पर खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार वर्मा ने इस कृत के कारण आचार संहिता एवं अनुशासनहीनता उल्लंघन मानते हुए टीचर के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित करने की चेतावनी दी है। एबीएसए ने जून माह का वेतन अग्रिम आदेशों तक के लिए रोक दिया। साथ ही तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए है। अन्यथा की स्थिति में प्रशासनिक कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को लिखेंगे।
मैसेज आगे बढ़ाने पर अमित भी फंसे
टीचरों के ग्रुप में अश्लील मैसेज डालने वाले टीचर भूपेंद्र सैनी के इस मैसेज को आगे बढ़ाने पर प्राथमिक विद्यालय नवीन सुगिरा में तैनात अमित कुमार द्विवेदी भी फंस गए है। एबीएसए ने टीचर अमित कुमार द्विवेदी को भी दोषी ठहराते हुए उनसे भी जवाब तलब किया है। साथ ही जून 2017 का अग्रिम आदेशों तक वेतन भी रोक दिया है।