पट्टे की जमीन पर कब्जा करने के इरादे से रखी गई प्रतिमा को पुलिस ने कब्जे में ले लिया
फर्रुखाबाद संकिसा में पट्टे की जमीन पर कब्जा करने के इरादे से रखी गई प्रतिमा को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने दो नामजद और 60 अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई। तनाव को देखते हुए मौके पर फोर्स को तैनात है। एसडीएम सदर ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल कर नापजोख कराई। वहीं पट्टा मालिक ने भी जमीन पर कब्जा करने की रिपोर्ट दर्ज कराई।
थाना मेरापुर के गांव देवसनी निवासी ब्रजेश सिंह राजपूत के पास पट्टे की जमीन है। इस जमीन पर गांव के ही निरंजन सिंह ने कब्जा करने के इरादे से रविवार की शाम भगवान की प्रतिमा को रख दिया। इसकी जानकारी होने पर ब्रजेश राजपूत ने थाने पहुंच कर इसकी शिकायत की। सूचना पर दरोगा श्रीकृष्ण शर्मा अपने साथ सिपाही अमित को लेकर मौके पर जांच करने पहुंचे। यहां पहुंचते ही निरंजन और उसके अन्य साथियों ने पुलिस को घेर लिया और गालीगलौज करने लगे। जब पुलिस ने इसका विरोध किया तो हमलावरों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। स्थिति को भांप दरोगा ने इसकी सूचना एसओ सुनील कुमार को दी। सूचना पर एसओ फोर्स के साथ पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान निरंजन और उसके चाचा सुग्रीव ने तमंचे से फायर करना शुरू कर दिया। जैसे तैसे पुलिस ने अपनी जान बचाई। एसओ ने पुलिस पर फायरिंग की सूचना आलाधिकारियों को दी। सूचना पर कंपिल, शमसाबाद पुलिस आ गई। तनाव को देखते हुए वहां पर फोर्स को तैनात कर दिया गया। दरोगा ने निरंजन, सुग्रीव और 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई। सोमवार को कायमगंज सीओ नरेश कुमार, एसडीएम सदर सुरेंद्र सिंह ने मौके पर जाकर पट्टे की जमीन की नापजोख कराई। पट्टा सही होने पर पुलिस ने पट्टा मालिक ब्रजेश राजपूत की तहरीर पर निरंजन, सुग्रीव समेत अन्य लोगों के खिलाफ जमीन पर कब्जा करने का विरोध करने पर गालीगलौज कर मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई।