सावन के महीने में मछली खाने को लेकर मामी-भांजे में ऐसा विवाद हुआ कि पुलिसवालों के हाथ-पांव फूल गए। मामी ने यूपी 100 डायल कर पुलिस को बुला लिया और पुलिस ने लड़के को लॉकप में बंद कर दिया। मामला यूपी के हमीरपुर जिले का है।
हमीरपुर के कीरतपुर गांव निवासी मेंबर (40) पुत्र श्यामलाल ने पिछले सोमवार को मछली लाकर अपने मामा लखन को बनाने के लिए दे दी। मछली तैयार होने के बाद खाने पहुंचे मेंबर से सावन महीना शुरू होने की बात को लेकर लखन की पत्नी मधुरिया से उसका विवाद हो गया। मधुरिया ने यूपी 100 पुलिस को फोन कर दिया। मौके पर यूपी 100 के कर्मी एसआई राजेंद्र सिंह व कांस्टेबिल विवेक कुमार वाहन चालक जगदीश नारायण पहुंचे और उसे पकड़कर कोतवाली ले गए। जहां उसे लॉकअप में बैठा दिया गया। करीब एक घंटे बाद अचानक मेंबर की हालत बिगड़ गई। शरीर से पसीना निकलता देख पुलिस के हाथ पांव फूल गए।
आनन-फानन में कोतवाल पीके सिंह उसे सदर अस्पताल ले गए। वहीं सीओ सदर एसएन वैभव पांडे भी मौके पर पहुंचे। जहां से चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। कोतवाली का एसआई भोजराज अवस्थी और सिपाही सुनील कुमार उसे एंबुलेंस से कानपुर ले गए। वहीं इस दौरान कोतवाली पुलिस ने गांव पहुंच मेंबर के परिजनों को इसकी सूचना दी। उसका इलाज करा एसआई उसे वापस घर छोड़ आया। मेंबर ने बताया कि सावन माह में मछली खाने से मना करने पर मामी से विवाद हुआ था। जिस पर पुलिस ने उसे लॉकअप में डाल दिया थ्रा।