ब्रह्मनगर में दो दिन पहले जहां सपा के दो गुटों ने सड़क पर गुंडागर्दी की थी उसी तरह का मामला शुक्रवार को पनकी और गोविंदनगर में देखने को मिला। खुद को सपाई बताने वाले युवकों ने फैक्ट्री मालिक से हुए विवाद के चलते पुलिस के सामने नौरय्याखेड़ा में जमकर मारपीट और पथराव किया।
इतना ही नहीं कुछ देर बाद थाने पहुंचे सपाइयों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। करीब तीन से चार घंटे तक सपाई हो हल्ला करते रहे। आखिर में इंस्पेक्टर ने जब फैक्ट्री मालिक के खिलाफ तहरीर ली तब वे हटे।
नौरय्याखेड़ा निवासी गुड्डू ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार रात बस्ती के पास एक कार में कुछ लोग किसी महिला के साथ अश्लीलता कर रहे थे, जब एक किशोर ने कार में झांककर टोका टाकी की तो कार सवारों ने उसे तमंचा दिखा दिया। इतना ही नहीं इसके बाद बस्ती के विक्रम और रवि मौके पर पहुंचे तो कार सवार उन्हें टक्कर मारते हुए निकल भागा।
शुक्रवार सुबह वही कार पनकी पांच डी स्थित एक फैक्ट्री के बाहर खड़ी मिली। कार में रतनलाल नगर निवासी युवक बैठा था। जिसे देख बस्ती के लड़कों ने उसे पकड़ लिया। इस पर फैक्ट्री कर्मी भी निकल आए। अभी दोनों पक्षों में कहासुनी चल ही रही थी, तभी खुद को सपाई बताने वाले कुछ और लड़के वहां पहुंचे और मारपीट करने लगे।
तब तक पुलिस भी फैक्ट्री के भीतर बदमाशों के घुसे होने की सूचना पाकर मौके पर पहुंच चुकी थी। पुलिस के सामने करीब आधे घंटे तक दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव होता रहा। जिससे कार के शीशे भी टूट गए। इसके बाद पुलिस युवक और कुछ लड़कों को लेकर थाने आ गई।
अभी पुलिस थाने पहुंची ही थी कि स्वयं को मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड का नेता बताने वाले जाकिर और सपा के ही सुनील भी भीड़ लेकर थाने आ गए। इसके बाद सपाइयों ने पुलिस पर फैक्ट्री मालिक से मिलीभगत का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
पकड़े गए युवक ने बताया कि उसके दोस्त ने फोन कर फैक्ट्री बुलाया था और फिर उसने कार साइड लगाने को कहा, तब तक लड़के आ गए। इंस्पेक्टर एपी श्रीवास्तव का कहना है कि सपाइयों से तहरीर ले ली गई है।