शनिवार को हुए सांप्रदायिक संघर्ष के बाद सोमवार को भन्नानापुरवा और दर्शनपुरवा समेत पूरे शहर के हालात सामान्य रहे। आम दिनों की तरह बाजार, सरकारी और गैर सरकारी दफ्तर खुले।
सड़कों पर भी चहल-पहल रही। इस बीच पुलिस और प्रशासनिक अफसर सतर्क रहे और संघर्ष प्रभावित इलाकों की पल-पल की जानकारी लेते रहे। संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों की अघोषित नाकेबंदी रही। फिलहाल अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। अफसरों का दावा है कि छापामारी जारी है। जल्द ही उपद्रवियों को पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने शांति व्यवस्था बहाल करने के मकसद से भन्नानापुरवा चौराहे से अजमेरी होटल चौराहा चमनगंज के बीच शनिवार को पथराव और आगजनी के शिकार दो और चार पहिया वाहनों को सड़क से हटवा दिया। सुबह तय समय पर चमनगंज, बेकनगंज, पीरोड सीसामऊ, प्रेम नगर, गांधी नगर, परेड सहित सभी बाजार और दुकानें खुल गईं।
स्कूल और कॉलेज भी खुल गए और जिंदगी पुराने ढर्रे पर आ गई। ऐसा ही दर्शनपुरवा क्षेत्र में भी दिखा। भन्नानापुरवा चौराहा, अमजेरी होटल चौराहा, प्रेम नगर चौराहा, परेड चौराहा, यतीमखाना, बजरिया, संगीत टॉकीज चौराहा सहित सभी संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पुलिस, पीएसी और पैरा मिलिट्री तैनात रही।
सीओ और एसीएम भी पैदल क्षेत्र में घूमते रहे। एसएसपी शलभ माथुर का कहना है कि शहर के हालात सामान्य हैं। कहीं भी किसी तरह की कोई घटना नहीं हुई है।