बांदा-सागर राजमार्ग पर शनिवार दोपहर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने हरबंश मोहाल के किराना कारोबारी रवी डोरीवाल को तमंचा सटाकर करीब नौ लाख रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। बदमाश उनके ड्राइवर का मोबाइल भी छीन कर भाग निकले।
फतेहपुर के ललौली थाने में कारोबारी ने अज्ञात के खिलाफ लूट की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस को कारोबारी के ड्राइवर के वारदात में शामिल होने का शक है। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस टीमें लुटेरों की तलाश में जुट गई हैं। पुलिस का दावा है कि एक-दो दिन में वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।
किराना के थोक कारोबारी रवी डोरीवाल हरबंश मोहाल के दानाखोरी में रहते हैं। घर के नीचे ही इनकी दुकान और दफ्तर है। रवी शनिवार को कार से बांदा तगादा वसूलने गए थे। कार नौबस्ता में रहने वाला ड्राइवर शाहरुख चला रहा था। फतेहपुर संवाददाता के मुताबिक दोपहर में रवी तगादा वसूलने के बाद घर लौट रहे थे।
कार में तीन बोरियों और एक लाल रंग के कपड़े के बैग में करीब 15 लाख रुपये के नोट भरे थे। ललौली क्षेत्र के बिंदकी रोड पर शाहरुख ने लघुशंका के लिए कार रोक दी। वह कार से उतर कर सड़क किनारे चला गया। इसी दौरान काले रंग की पल्सर बाइक रवी की कार के पास आकर रुकी। बाइक पर दो नकाबपोश बदमाश सवार थे।
बाइक से नकाबपोश बदमाश उतरे और रवि के तमंचा सटाकर लूटपाट शुरू कर दी। बदमाश कार में रखा नोटों से भरा कपड़े का बैग लूट ले गए जबकि बोरियों में भरे नोट छोड़ गए। इस दौरान शाहरुख पहुंचा तो बदमाशों ने उसका भी मोबाइल छीना और बाइक पर बैठकर भाग निकले।
दिनदहाड़े लूट की सूचना पाकर एसपी सालिगराम वर्मा और सीओ मौके पर पहुंचे। कारोबारी ने बताया कि लूटे गए बैग में 8.90 लाख रुपये थे। जबकि बोरियों में लगभग छह लाख रुपये रखे थे। उधर पुलिस सूत्रों के मुताबिक तफ्तीश में पता चला है कि वारदात में कारोबारी के ड्राइवर का हाथ है।
ड्राइवर से पूछताछ और उसके मोबाइल की कॉल डिटेल खंगालने पर पता चला कि उसकी वारदात के 10-15 मिनट पहले ही एक मोबाइल नंबर बात हुई थी। बदमाशों का सुराग मिल गया है।