बेकनगंज में एक हाते की जमीन पर कब्जे को लेकर शुक्रवार को जमकर संघर्ष हुआ। मारपीट, पथराव और फायरिंग में दोनों पक्षों से नौ लोग घायल हुए। इन्हें हैलट और उर्सला में भर्ती कराया गया है। तनाव देखते हुए पुलिस की एक टीम मोहल्ले में तैनात की गई है।
दोनाें पक्ष एक-दूसरे पर इबादतगाह बनवाने के नाम पर जमीन हड़पने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस फिलहाल कालू नाम के शख्स को हिरासत में लेकर छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक जमीन केडीए की है। उर्सला में भर्ती मीना परवीन (40) ने बताया कि वह पति मोहम्मद असलम और दो बेटी व दो बेटों के साथ पीर बख्श हाते में रहती है।
यह जमीन उनके ससुर मोहम्मद यूसुफ के नाम है। पेंचबाग निवासी पीरू कई महीने से इस जगह को खाली करने का दबाव बना रहा था। दो दिन से तनातनी भी चल रही थी। शुक्रवार सुबह वह घर में अकेली थी तभी पीरू, यूनुस, इशहाक, अहमद खान, राजू, शकील घुस आए।
मारपीट कर सामान फेंकने लगे। विरोध करने पर उसे भी बदनीयती से खींचने की कोशिश की गई। इसी बीच पड़ोसी दानिश और उसके पिता इरफान अहमद बीचबचाव करने आ गए। तभी उसके सिर में तमंचे की बट लगी और वह बेहोश हो गई।
उर्सला में ही भर्ती दानिश अहमद (38) ने बताया कि वह, उसके पिता और चाचा मोहम्मद सलमान मदद के लिए पहुंचे थे। आरोपियों ने हाकी, डंडे, ईंट-पत्थर से उन पर ही हमला बोल दिया। पत्थर लगने से उसका सिर फूट गया। आरोपियों ने फायरिंग भी की जो पिता के कान को रगड़ती हुई निकल गई।
मारपीट में चाचा भी घायल हुए। हैलट में भर्ती पीरू (62), उसके बेटे इशहाक (33) ने बताया कि वे लोग पेंचबाग बेकनगंज में रहते हैं। हाते की जमीन इबादतगाह के लिए तय की गई है। उनका आरोप है कि हाता खाली कराने के लिए पप्पू ने सात लाख रुपये लिए थे।
वह कुछ लोगों से ही जमीन खाली करवा पाया। दो दिन पहले मीना और सलमान को जमीन छोड़कर चले जाने को कहा तो वे झगड़े पर आमादा हो गए थे। दानिश की भी जमीन पर नजर है। इशहाक का आरोप है कि बल्ले, पप्पू हक्कल, दानिश, सलमान, रेहान, लुकमान ने उन पर हमला बोला।
बचाव के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों को चोट लगी है। इशहाक ने बताया कि उसका भाई यूनुस (35), बहन इशरत और मोहम्मद हैरिस भी घायल हुए हैं। बेकनगंज एसओ फाजिल सिद्दीकी का कहना है कि दोनों ने आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।