यूपी के हरदोई जिले में बुधवार देर रात शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना के बाद से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
डेमो पिक
यह घटना बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कटीघरा की है। यहां शराब पीने के दौरान हुए विवाद में लालू (35) पुत्र जगदीश की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार देर रात ग्राम कटीघरा निवासी कल्लू पुत्र छोटे के घर के बाहर गांव के ही लालू पुत्र जगदीश, लालू सिंह पुत्र शत्रोहन सिंह और सेमरा निवासी सोनू पुत्र अवधेश शराब पी रहे थे। इस दौरान आपस में विवाद हो गया।
शोर शराबा सुन लालू की पत्नी आरती मौके पर पहुंची और पति को मौके से ले जाने लगी। इसी दौरान सोनू ने तमंचे से लालू के गोली मार दी। पेट में गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से सोनू, कल्लू और लालू सिंह फरार हैं। मृतक लालू और मुख्य आरोपी सोनू बेनीगंज कोतवाली के हिस्ट्रीशीटर हैं। जनकारी के अनुसार दोनों के विरुद्ध कई मामले कोतवाली में दर्ज हैं।