शास्त्री नगर में दिनदहाड़े घर में घुसे चार बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर लूटपाट की। घटना के वक्त घर पर और कोई नहीं था। बेटी के आने पर बेड के नीचे बेसुध अवस्था में पड़ी महिला को पड़ोसियों की मदद से हास्पिटल में भर्ती कराया गया।
मामले में काकादेव पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक बदमाश को हिरासत में लिया है। पीड़ित के अनुसार बदमाश हजारों की नगदी, जेवरात समेत लाखों का सामान साथ ले गए।
शास्त्री नगर कॉलोनी निवासी आनंद प्रकाश गुप्ता चाट विक्रेता हैं। घर में पत्नी अनामिका, मां रानी देवी, पिता राम औतार और दो भाई सोनू और जय हैं। शुक्रवार दोपहर घर पर अनामिका थी। देवर सोनू का नाम लेकर किसी ने दरवाजा खटखटाया। अनामिका ने दरवाजा खोला तो समाने खड़े दो युवकों ने पानी मांगा।
वह पानी लेने के लिए जैसे ही मुड़ीं पीछे से बदमाशों ने उन्हें दबोच लिया। मुंह में कपड़ा ठूंस हाथ पैर बांध बेड के नीचे डाल दिया। इसी बीच घुसे दो अन्य बदमाशों ने आलमारी का लॉकर तोड़कर 45 हजार रुपये, जेवरात समेत लाखों का सामान लूट लिया।
वारदात से थर्राया शास्त्री नगर
शास्त्री नगर में घर में घुसे चारों बदमाश वारदात के बाद कालोनी के पीछे सर्विस लेन की तरफ से भाग निकले। इसके बाद दवा लेकर घर लौटी सोनाली मां को बेड के नीचे देखकर घबरा गई। आंनन-फानन में पड़ोसियों की मदद से मां के हाथ-पैर खोले और पास के एक हॉस्पिटल में उन्हें एडमिट कराया।
उधर, घटना की सूचना पर पहुंची काकादेव थाना पुलिस मोहल्ले में ही मौजूद शारदा ज्ञान मंदिर स्कूल का सीसीटीवी फुटेज चेक किया। इसके बाद घटना को अंजाम देकर गली की ओर भागे एक लुटेरे को दबोच लिया। एसओ उदय यदव ने बताया कि माल बरामदगी और अन्य बदमाशों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
दो गिरफ्तार, नहीं हुआ माल बरामद
काकादेव पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर विजय नगर से ही शक्ति दिवाकर और बलराम को गिरफ्तार किया है। दोनों शातिर बदमाश हैं। दोनों से पूछताछ के आधार देर रात तक पुलिस दबिश देती रही, लेकिन माल बरामद नहीं हुआ। सीसीटीवी फुटेज में पुलिस ने लुटेरे शक्ति को झोले में लूट का माल लेकर भागते देखा था। भागने में उसके दोनों पैर कीचड़ से सने थे पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया तो उसने शर्ट बदल ली थी। हाथ-पैर में रगड़ के निशान भी मिले हैं।