गीता नगर निवासी बुक सेलर प्रेम नारायण पांडे (55) की लूट के बाद हत्या कर दी गई। शव नौबस्ता क्षेत्र के एक खाली प्लाट में सोमवार सुबह मिला।
उनकी एक्टिवा और अंगूठी नहीं मिली। इसके अलावा पर्स से भी रुपये गायब थे। उनके पास से मिले कागजों से शिनाख्त के बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। शव मिलने की सूचना पर एसएसपी शलभ माथुर भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने लिए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के मुताबिक प्रेम नारायण रविवार की शाम पांच बजे के आसपास परेड स्थित अपनी साहित्य भवन दुकान पर ताला लगाकर निकले थे। पास में ही रहने वाले भाई के घर से अपनी एक्टिवा उठाई और फिर रोज की तरह परेड के रामा भोजनालय से कुत्तों के लिए रोटियां लीं।
इस बीच उनकी घर वालों से फोन पर बात भी हुई। इसके बाद से उनकी कोई लोकेशन नहीं मिली। देर रात परिजनों ने कोतवाली पुलिस को प्रेम के गायब होने की सूचना दी। इसके बाद सोमवार सुबह मूलगंज थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। उनकी तलाश चल ही रही थी कि दोपहर करीब 12 बजे किसी ने नौबस्ता पुलिस को दयालपुरम स्थित मुन्नीदेवी के प्लाट के कमरे में शव मिलने की सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस को मुन्नी के बेटे देवेश ने बताया कि वह प्लाट पर लकड़ियां लेने गया था तभी उसे शव दिखा। इसके बाद पुलिस ने आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस से शव की शिनाख्त कर घरवालों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे प्रेम के भतीजे विवेक ने उनकी शिनाख्त की। नौबस्ता एसओ राजदेव प्रजापति का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।